![गंगानगर जिले में तांत्रिक की हत्या गंगानगर जिले में तांत्रिक की हत्या](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2018/12/murder-4.jpg)
![Tantric murdered in Ganganagar](https://www.sabguru.com/18-22/wp-content/uploads/2018/12/murder-4.jpg)
गंगानगर। राजस्थान में गंगानगर जिले के श्रीविजयनगर थाना क्षेत्र में एक तांत्रिक की हत्या का मामला सामने आया है।
थानाप्रभारी फूलचंद शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि सुबह चक 24 में एक किसान ने नहर किनारे एक व्यक्ति का शव होने की सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया।
घटनास्थल पर तीन स्थानों पर संघर्ष के निशान पाए गए। उसकी हत्या में तीन चार लोगों के लिप्त होने की आशंका है। हत्या की जानकारी मिलने पर रायसिंहनगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भरत राज, पुलिस उपाधीक्षक आनंद प्रकाश स्वामी भी मौके पर पहुंच गए।
जांच पड़ताल के बाद मृतक के एक थैले से धार्मिक अनुष्ठान की सामग्री बरामद हुई। बाद में उसकी पहचान तांत्रिक अमराराम नायक (40) के रूप में हुई। मौके पर उसका मोबाइल फोन नहीं मिला।
पुलिस उपाधीक्षक आनंद प्रकाश स्वामी ने बताया कि अमराराम वर्तमान में अपने परिवार के साथ गंगानगर-सूरतगढ़ मार्ग पर कैंचियां के समीप चक 15 एसजीआर में पालाराम के खेत में काम करता था। था। वह झाड़फूंक, डोरा ताबीज और तंत्रमंत्र का भी काम करता था।
कुछ दिनों से अमराराम के पास किसी राजू लोरा नामक व्यक्ति का फोन आ रहा था जो उससे तंत्र मंत्र से इलाज करवाने के लिए बुला रहा था। अमराराम कल उसी से मिलने गया था। उसके बाद सुबह उसका शव मिला है। उन्होंने बताया राजू लोरा की तलाश की जा रही है।