
हैदराबाद। फिल्म अभिनेत्री से राजनीति में आई विजयशांति सोमवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुई।
सिंह ने विजयशांति को शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। विजयशांति ने दो दिन पहले कांग्रेस छोड़ दी थी। इस अवसर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी और भाजापा बीसी सेल के प्रमुख के लक्ष्मण और अन्य भी उपस्थिति रहे।
विजयशांति भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस अभियान समिति की अध्यक्ष थीं। अभिनेत्री ने 1998 में भाजपा में शामिल होकर अपनी राजनीति की पारी की शुरुआत की थी। लेकिन बाद में पार्टी छोड़ दी और तेलंगाना राज्य गठन को लेकर जारी आंदोलन के दौरान उन्होंने तल्ली तेलंगाना नाम से अपना राजनीतिक संगठन बनाया।
बाद में विजयशांति की पार्टी का तेलंगाना राष्ट्र समिति में विलय हो गया, लेकिन बाद में उन्होंने टीआरएस से इस्तीफा दे दिया और कांग्रेस का दामन थाम लिया था।