

उमरिया | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी आदर्श और चुनाव में विजयी होने वाले कार्यकर्ता को ही टिकट देगी।
सिंह ने आज उमरिया के गांधी चौक में स्वागत सभा को संबोधित करने के उपरांत पत्रकारों से चर्चा करते हुये यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में चुनाव लड़ कर चौथी बार प्रदेश में सरकार बनायेगी। अब की बार दो सौ पार की बात प्रदेश में सही साबित होगी, क्योंकि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव लड़ती है और सफलता भी हासिल करती है।
इससे पूर्व सिंह ने स्वागत सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने हेलीकॉप्टर वाले को नहीं बल्कि जमीनी कार्यकर्ता को प्रदेश का अध्यक्ष बनाया है। भाजपा ने एक कार्यकर्ता को प्रदेश का अध्यक्ष बनाया है तो अब कार्यकर्ता का सम्मान भी शिखर पर रहे यह वे ध्यान रखेंगे। उन्होंने कहा कि देश में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में श्री चौहान की सरकार ने जो काम किया है, वह किसी भी लोकतांत्रिक देश के लिए मिसाल है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उनकी पार्टी में कार्यकर्ता परिवार के लिए काम करता है, जबकि भाजपा में कार्यकर्ता पार्टी के लिये काम करता है।