

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने सभी अटकलों को विराम देते हुए विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
कांग्रेस महासचिव गहलोत और पायलट ने बुधवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वे दोनों राजस्थान विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। गहलोत ने कहा कि मैं और सचिन पायलट दोनों चुनाव लड़ेंगे।
पायलट ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश और गहलोत के अनुरोध पर उन्होंने चुनाव विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। प्रदेश इकाई में नेताओं के बीच एकजुटता न होने की अटकलबाजियों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि इससे कि कांग्रेस में फूट वाली बातें खत्म हो जाएंगी। हम सब मिलकर आगामी चुनाव में कांग्रेस को भारी विजय दिलाएंगे।
गहलोत ने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में आंतरिक लड़ाई की रिपोर्ट निराधार हैं और भाजपा द्वारा फैलायी जा रही हैं। हम मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार गहलोत के जोधपुर की सरदारपुरा विधानसभा सीट से लड़ने की संभावना है जबकि पायलट की सीट के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
कांग्रेस ने राज्य इकाई में फूट की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री के उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है जबकि भाजपा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। सबगुरु न्यूज़।