Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
जींद आश्रम में किशोरी का यौन शोषण, संचालक सहित तीन अरेस्ट - Sabguru News
होम Haryana जींद आश्रम में किशोरी का यौन शोषण, संचालक सहित तीन अरेस्ट

जींद आश्रम में किशोरी का यौन शोषण, संचालक सहित तीन अरेस्ट

0
जींद आश्रम में किशोरी का यौन शोषण, संचालक सहित तीन अरेस्ट

जींद। हरियाणा के जींद के निर्जन गांव स्थित प्रयास कुंज आश्रम में एक नाबालिग किशोरी के साथ मारपीट, यौन शोषण के आरोप में आश्रम संचालक और दो अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि घटना लगभग एक साल पहले की है। पीड़िता अब आश्रम में नहीं रहती और उसने हाल में दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह जुलाई 2017 में प्रयास कुंज आश्रम में आई थी। वह कुछ ही दिन वहां रही। इस दौरान आश्रम के संचालक राम मेहर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और कर्मचारी सोनू तथा चौकीदार प्यारेलाल ने उसके साथ अश्लील हरकत की।

पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और घटना के बारे में किसी को बताने पर तीनों ने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।

पीड़िता जो नाबालिग है की शिकायत के अनुसार इसके बाद वह आश्रम छोड़ गई और घर चली गई। लगभग छह माह घर रहने के बाद परिजनों के साथ अनबन के चलते वह दूसरे आश्रम में रहने लगी।

यहां उसने आश्रम पदाधिकारियों को घटना के बारे में अवगत करवाया और मामला पुलिस अधीक्षक डा. अरूण सिंह के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए जिस पर महिला थाना पुलिस ने किशोरी का सामान्य अस्पताल में मेडिकल परीक्षण करवाया और मामला दर्ज करने तथा गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

नियमों पर खरा न उतरने के कारण कुुछ समय से आश्रम को सरकारी अनुदान बंद कर दिया गया है और फिलहाल आश्रम बंद है। महिला थाना प्रभारी कमलेश देवी ने बताया कि तीन आरोपियों को भारतीय दंड संहिता और बाल यौन अपराधों के खिलाफ संरक्षण कानून की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है तथा मामले की जांच जारी है।