Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कांग्रेस वोट बैंक के लिए लोगों को कर रही है गुमराह : निर्मला सीतारमण - Sabguru News
होम Breaking कांग्रेस वोट बैंक के लिए लोगों को कर रही है गुमराह : निर्मला सीतारमण

कांग्रेस वोट बैंक के लिए लोगों को कर रही है गुमराह : निर्मला सीतारमण

0
कांग्रेस वोट बैंक के लिए लोगों को कर रही है गुमराह : निर्मला सीतारमण

जयपुर। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गलतफहमी फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह वोट बैंक के लिए ऐसा कर रही है जबकि नागरिकता के लिए पहली बार यह पद्धति नहीं अपनाई गई है।

भारतीय जनता पार्टी द्वारा कानून के समर्थन में चलाये जनजागरण अभियान के तहत आज जयपुर आई सीतारमण ने यहां पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल इस कानून को लेकर गलतफहमी फैला रहे है, इस कारण इसके बारे में सच्चाई जनता के सामने रखने के लिए यह अभियान चलाया गया है और इसमें कानून के बारे में स्पष्ट किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून लाकर प्रताड़ितों को नागरिकता देना यह पहली बार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि नागरिकता के लिए पहली बार यह पद्धति नहीं अपनाई गई है। विपक्षी लोगों को गुमराह कर रहे है।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी यूगांडा से शरणार्थियों एवं श्रीलंका के तमिल शरणर्थियों को नागरिकता देने का काम सरकारों ने किया है। उन्होंने बताया कि पिछले सालों में दो हजार से अधिक पाकिस्तान से आये मुसलमानों को नागरिकता मिली है।

इसी तरह अफगानिस्तान से आए नौ हजार से अधिक लोगों तथा दो सौ बांग्लादेश से आए लोगों को नागरिकता मिली है और इनमें ज्यादातर मुसलमान थे। उन्होंने कहा कि आज भी नागरिकता मिल सकती है, ऐसे में यह कहना कि इसमें एक महजब के लोग शामिल हैं जो गलत है।

उन्होंने कहा कि इस्लामिक देश पाकिस्तान, बांग्लादेश एवं अफगानिस्तान में जो अल्पसंख्यक है, जैसे जैन, सिख, पारसी आदि, पांच छह दशकों से प्रताड़ित होकर भारत पहुंचे हैं, उन्हें इस कानून के तहत नागरिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून पर विरोध तथा बयानबाजी की जा रही है जबकि संसद में विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने के बावजूद गलतफहमी फैलाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है जो गलत है।

सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में शरणार्थियों को नागरिकता देने का वादा किया था और कहा था कि इन्हें नागरिकता मिलनी चाहिए, मगर नागरिकता नहीं दिलाई। कांग्रेस ने ऐसा वोट मांगने के लिए किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने भी यह वादा किया लेकिन उसने वादे को निभाया। अब कांग्रेस को यह गलत लग रहा है। उन्होंने कहा कि देश का झंडा फहराने में संकोच करने वाले आज गणतंत्र दिवस 26 जनवरी पर झंडा फहराने की घोषणा कर रहे है। अब यह बोलने की आवश्यकता कब पड़ी।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने बयान दिया कि प्रताड़ित होकर आए लोगों को सुरक्षा देने का कर्तव्य है और आज उसे पूरा किया जा रहा है, इसमें कोई नया नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वादे पूरे करने की क्षमता है और वह वोट की राजनीति नहीं करते जबकि कांग्रेस वोट बैंक के लिए झूठ बोलकर भ्रम फैला रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष गलतफहमी फैला रहा है। अगर हिंसा करने का अधिकार किसी को नहीं है जबकि कांग्रेस उसका साथ दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बयान दिया था कि वह विरोध करने वालों के साथ है। विरोध करना लोकतंत्र में अधिकार हैं लेकिन हिंसा की निंदा भी नहीं की गई, उन्होंने कहा कि विरोध को समर्थन देने वाले हिंसा को भी समर्थन दे रहे क्या है।

उन्होंने कहा कि वादे पूरा नहीं करेंगे और हम करने लगे तो विरोध करेंगे और समर्थन हिंसा को। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के टुकड़े टुकड़े कर देने की बात करने वालों के साथ खड़े होकर उनका समर्थन किया था।

सीतारमण ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व करने वाली कांग्रेस टुकड़े टुकड़े करने की बात करने वालों के साथ नहीं रह सकती, लेकिन यह कांग्रेस अलग है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले ही कह चुके है कि जंग होनी चाहिए गरीबी के खिलाफ, मगर कांग्रेस के लोग देश के टुकड़े टुकड़े करने की बात करने वालों के साथ खड़े है।

उन्होंने कहा कि वह अभियान के तहत जयपुर के सांगानेर क्षेत्र में महिलाओं से मिली, महिलाओं ने उनसे उत्सुकता से बात की और उन्हें कानून के बारे में स्पष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि घर घर जाकर कानून के बारे में सच्चाई बताई जाएगी।