Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
दिल्ली में महिला की हत्या के मामले में दो सुपारी किलर अरेस्ट - Sabguru News
होम India City News दिल्ली में महिला की हत्या के मामले में दो सुपारी किलर अरेस्ट

दिल्ली में महिला की हत्या के मामले में दो सुपारी किलर अरेस्ट

0
दिल्ली में महिला की हत्या के मामले में दो सुपारी किलर अरेस्ट

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने एक महिला की कथित रूप से हत्या करने के मामले में दो भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार किया है।

शाहदरा दिल्ली के पुलिस उपायुक्त आर सथियासुंदरम ने बताया कि 14 मार्च को दिल्ली के ओल्ड सीलमपुर में दो लोगों ने फातिमा उर्फ सुनीता की गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से भाग निकले थे।

पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में धारा 302 आईपीसी और 25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अपराधियों को पकड़ने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया था। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को स्कैन किया गया, जिसके बाद यह पता चला कि मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आए और अपराध किया।

सथियासुंदरम ने बताया कि 26 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी जीशान की पहचान कर आनंद विहार इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया। लगातार पूछताछ में जीशान ने दूसरे आरोपी शौकिन खान के बारे में जानकारी दी।

उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने आज सुबह मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे वह घायल हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और कानून की अन्य उपयुक्त धाराओं के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में शौकीन खान और ज़ीशान ने बताया कि उन्हें गांधीनगर इलाके की ही रहने वाली मधु उर्फ आरती नाम की एक महिला ने 1 लाख रुपए में फातिमा की हत्या की सुपारी दी थी। जांच के दौरान पता चला है कि मधु उर्फ आरती और फातिमा के बीच प्रॉपर्टी को लेकर एक पुराना विवाद चला आ रहा था। उसी के चलते मधु ने फातिमा की हत्या की साजिश रची और इन दोनों कॉन्ट्रैक्ट किलर को 1 लाख रुपए में सुपारी दे दी। पुलिस मधु उर्फ आरती की तलाश कर रही है।