

जम्मू। जम्मू कश्मीर सरकार में भारतीय जनता पार्टी के केबिनेट मंत्रियों चौधरी लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा ने शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा।
इससे पहले मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कठुआ बलात्कार और हत्या मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो से जांच की मांग का विरोध करने वाले इन दोनों मंत्रियों को बर्खास्त किए जाने की मांग की थी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने अपना इस्तीफा उन्हें सौंपा है। उन्होंने हालांकि कहा कि मंत्रियों ने अपने इस्तीफे में इसका कोई विशेष कारण उल्लेख नहीं किया है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव शनिवार को यहां पार्टी की बैठक लेंगे और तब इस मुद्दे को उठाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने दोनों मंत्रियों को अपने पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव डाला, जिसके बाद मंत्रियों ने यह कदम उठाया।