

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में आज तड़के आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी यात्री बस के पलट जाने से एक महिला सहित दो लोगों की मृत्यु हो गई। भीषण हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए।
बीजासन चौकी पुलिस प्रभारी महेंद्र चौहान के अनुसार इंदौर से शिरडी की ओर जा रही निजी यात्री बस सेंधवा से करीब चार किलोमीटर दूर आगरा मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई।
हादसे में ग्वालियर निवासी मिथिलेश शिवहरे (42) और इंदौर निवासी महेंद्र वाघेला (19) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना में 10 महिलाओं और 7 बच्चों समेत 30 लोग घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक तथा परिचालक मौके से फरार हो गए।
घायलों में से 20 को सेंधवा के शासकीय सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया ,जहां से 4 को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य 10 घायलों का सेंधवा के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बस चालक शराब पीकर काफी तेज गति से बस चला रहा था, हालांकि पुलिस ने अधिकृत रूप से इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।