

नीमच। मध्यप्रदेश के नीमच जिले में बुधवार सुबह गैस सिलेंडर से गैस रिसने के कारण लगी आग में झुलसने से दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों महिलाएं यहां अपने एक परिचित के घर एक उठावने कार्यक्रम में भाग लेने आई थीं। हादसे के समय दोनों महिलाएं रसोई में खाना बना रहीं थीं।
नीमच सिटी पुलिस सूत्रों ने बताया कि रतलाम के जावरा निवासी गीता बाई यादव (50) और माया बाई (45) स्थानीय निवासी अपने रिश्तेदार अमर सिंह के घर एक उठावने कार्यक्रम में भाग लेने आईं थीं। दोनों सुबह रसोई में खाना बना रहीं थीं।
इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस रिसने के कारण वहां आग लग गई। दोनों महिलाओं के वस्त्रों और अन्य सामान ने आग पकड़ ली और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाए हैं।