Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिंक रोड चौराहे पर किया महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण - Sabguru News
होम Rajasthan Banswara केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिंक रोड चौराहे पर किया महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण

केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिंक रोड चौराहे पर किया महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण

0
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने लिंक रोड चौराहे पर किया महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण

बांसवाड़ा। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तंज कसा। रविवार को बांसवाड़ा आते समय डूंगरपुर में मीडिया ने शेखावत से जब राहुल गांधी के हिंदू और हिंदुत्ववाद संबंधी बयान पर सवाल किया गया तो वो जोर से हंस दिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे व्यक्ति नहीं हैं, जिनके बारे में बात की जाए।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने उदयपुर रोड स्थित लिंक रोड चौराहे पर महाराणा प्रताप की मूर्ति का अनावरण किया। विशाल जनसमूह के समक्ष शेखावत ने कहा कि इस धरां ने पिछले सैकड़ों साल के इतिहास में ऐसे अनेक अवसर दिए, जिन पर हम गर्व कर सकें, जिनकी स्मृति मात्र से रोमांचित हो सकें। इस धरां ने अनेक महापुरुषों को जन्म दिया, जिन पर हम और हमारी आने वाली पीढ़ियां अनेक-अनेक वर्षों तक गर्व करेंगी।

शेखावत ने कहा कि वागड़ की धरां का अभिनंदन इसलिए भी करना चाहता हूं, क्योंकि आज इस देश में हिंदुत्व जिंदा है। सनातन संस्कृति जिंदा है। भगवान श्रीराम के मंदिर का पुनर्निर्माण हो रहा है। काशी का पुनर्उद्धार हो रहा है। हम सब लोगों के नाम हिंदुओं के नाम पर हैं, जिसमें बहुत बड़ा योगदान वागड़ की धरां के लोगों का है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो समय था, जब आक्रांताओं ने इस देश पर, हमारी संस्कृति पर अपने धर्म के प्रसार के लिए हमले किए। देश को लूटने और संपदा को हासिल करने के लिए हमले किए। उस समय अनेक लोग होंगे, जिन्होंने अपना जीवन और जवानी देश, धर्म और संस्कृति को बचाए रखने के लिए खपा दी, लेकिन आज भी भारत विरोधी ताकतें उतने ही ताकत और जोर-शोर से प्रहार कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप किसी जाति या समाज के बंधन में बंधे हुए नहीं थे, वो क्षेत्रों के बंधन से भी परे थे। चौराहे पर खड़ी महाराणा प्रताप की मूर्ति हमें इतिहास से जोड़ने का काम करेगी।

माही बांध के लिए राजस्थान सरकार भेजे प्रस्ताव

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महेन्द्रजीत मालवीय ने वागड़ का एक दर्द मेरे सामने रखा। इन्होंने माही बांध की चर्चा की और कहा कि जीर्ण-शीर्ण हो चुके माही बांध की मरम्मत के लिए पैसा चाहिए। शेखावत ने कहा कि मुझे जलशक्ति मंत्री के रूप में काम करते हुए ढाई साल हो गए, लेकिन राजस्थान से आज तक जल संसाधन मंत्री या उनका सचिव मेरे ऑफिस आया नहीं। मैंने लोकेंद्र जी से कहा है कि भारत सरकार ने अभी राजस्थान को 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक आवंटित किए हैं। राज्य सरकार प्रस्ताव लेकर आए, इसमें माही बांध को भी शामिल कर लेंगे।

जयसमंद झील देखने पहुंचे शेखावत

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने एशिया की सबसे बड़ी मीठे पानी की ऐतिहासिक जयसमंद झील का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि किसी जलस्रोत के समीप जाना मेरे लिए देवालय दर्शन से कम नहीं। महाराणा जयसिंह ने ये झील बनवाई थी, ताकि अकालग्रस्त क्षेत्रों को पानी मिल सके। हमारे पूर्वजों ने पानी के लिए अद्भुत और अनोखे निर्माण किए हैं। हमें जल समृद्धि के दृष्टिकोण से नए निर्माणों से अधिक अधिक पूर्वजों की देन को सुरक्षित रखना है। ये झील सिखाती है कि हमें आने वाली पीढ़ी को वही सुखद अनुभव देना है, जो महाराणा जैसी हस्तियों के योगदान से हमें मिल रहा है। शेखावत ने नागरिकों और कार्यकर्ताओं से वस्तुस्थिति जानी और कहा कि जो समस्याएं ज्ञात हुई हैं, उन्हें शीघ्र हल करने का प्रयास किया जाएगा।

देवाधिदेव महादेव के किए दर्शन

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने श्री पशुपतिनाथ आश्रम धोलागढ़ पहुंचकर देवाधिदेव महादेव के दर्शन और पूजन किया। शेखावत ने लोहारिया, बांसवाड़ा, गोंडा, सुंदानी, तालवारा, धौलागढ़, शेशपुर, असपुर, मुंगेड़, सबला, डूंगरपुर, पिंडवाल, सलूम्बर, देवगांव और भबराना में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के पुष्प गुच्छों, पुष्प हार और सबसे अधिक व्यवहार ने प्रभावित किया। कार्यकर्ता बंधुओं से मिलकर यह भी पता चलता है कि भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।

इससे पहले, उदयपुर एयरपोर्ट पर सांसद अर्जुनलाल मीणा, राजस्थान सरकार के मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र श्रीमाली और जिला ग्रामीण अध्यक्ष भंवर सिंह पंवर, तुषार मेहता, गजपाल सिंह समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का जोरदार स्वागत किया।