Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Union Minister Ananth Kumar dies at 59-बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन - Sabguru News
होम Karnataka Bengaluru बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन

बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन

0
बीजेपी नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन
Union Minister Ananth Kumar dies at 59
Union Minister Ananth Kumar dies at 59
Union Minister Ananth Kumar dies at 59

बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी के नेता और केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार का निधन हो गया है। वे पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे। अनंत कुमार कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने 59 साल की उम्र में बेंगलुरु में अंतिम सांस ली। कर्नाटक के बेंगलुरु साउथ से सांसद अनंत कुमार केंद्र सरकार में संसदीय कार्यमंत्री थे।

उन्होंने सोमवार अलसुबह 1 बजकर 50 मिनट पर अंतिम सांस ली। अनंत कुमार के पार्थिव शरीर को सुबह 9 बजे के बाद बेंगलुरु के नेशनल कॉलेज ग्राउंड पर रखा जाएगा, जहां पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे पाएंगे। उनके निधन पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पूरे देश में राष्ट्रध्वज आधा झुकाने का निर्देश दिया है। इसी के मुताबिक राष्ट्रीय शोक भी मनाया जाएगा।

अनंत कुमार के निधन पर शोक जताते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि अनंत कुमार का निधन देश के सार्वजनिक जीवन में बहुत बड़ी क्षति है, खासकर कर्नाटक के लोगों के लिए। उनके परिवार, सहयोगी और अनंत शुभेच्छुओं को मेरी सांत्वना। उप-राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि वे कुछ समय से बीमार थे लेकिन ऐसा होगा यह नहीं सोचा था। हमें लग रहा था कि वे जल्दी स्वस्थ हो जाएंगे और लोगों की सेवा पुनः शुरू करेंगे। मैं उनकी पत्नी और बच्चों को तहे दिल से सांत्वना प्रेषित करता हूं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर अनंत कुमार के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने लिखा कि अहम सहयोगी और दोस्त के निधन से दुखी हूं। अनंत कुमार के परिवार और समर्थकों के लिए संवेदनाएं। उन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत किया।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अपने अति वरिष्ठ सहयोगी और मित्र के असामयिक निधन से दुखी और सदमे में हूं। वे एक मंझे हुए सांसद थे जिन्होंने अपनी पूरी काबिलियत से देश की भरपूर सेवा की। लोक कल्याण के लिए उनके जुनून और समर्पण की जितनी तारीफ की जाए, कम है। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिजनों के साथ हूं।

अनंत कुमार के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अनंत कुमार जी के निधन से मैं दुखी हूं। उनके परिजनों और मित्रों को मेरी सांत्वना। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, ओम शांति।