Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
बलात्कार के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा से निष्कासित - Sabguru News
होम Headlines बलात्कार के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा से निष्कासित

बलात्कार के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा से निष्कासित

0
बलात्कार के आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर भाजपा से निष्कासित

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने गले की फांस बन रहे उन्नाव बलात्कार मामले के मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

बांगरमऊ के भाजपा विधायक बलात्कार के एक मामले में सीतापुर जेल में है। उन पर उन्नाव की बलात्कार पीड़िता पर जानलेवा हमले का भी इल्जाम लगा है जिसकी जांच भी केन्द्रीय जांच ब्यूरो कर रही है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरूवार देर शाम लखनऊ में पत्रकारों को बताया कि पार्टी आलाकमान ने निलम्बित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

इससे पहले पार्टी का प्रदेश नेतृत्व आरोपी विधायक के निष्कासन को लेकर बयान देने को तैयार नही था हालांकि सुबह से ही सेंगर के पार्टी से निकाले जाने की सूचनाएं आ रही थी। इसके साथ ही बलात्कार पीड़िता की सुरक्षा में लगाए गए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, बुधवार को अयोध्या में विवादित जन्मभूमि पर विराजमान रामलला के दर्शन को गए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को दिल्ली बुलाया गया जिस कारण वह कार्यक्रम अधूरा छोड कर विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो गए थे जिससे सेंगर के निष्कासन को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। इससे पहले पिछले मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था कि सेंगर को एक साल पहले ही पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

इस बीच उन्नाव के पुलिस अधीक्षक ने बलात्कार पीडिता की सुरक्षा में लगे दो महिला सिपाहियों समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

सूत्रों ने बताया कि सुदेश पटेल, सुनीता और रूबी कुमारी को कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। रविवार को रायबरेली के गुरूबख्शगंज क्षेत्र में कार और ट्रक की भिडंत में उन्नाव की बलात्कार पीडिता और उसका वकील गंभीर रूप से घायल हो गए थे जबकि इस हादसे में कार सवार पीडिता की चाची और मौसी की मृत्यु हो गई थी। हादसे के समय पीड़िता के साथ तीनों सुरक्षाकर्मी पीड़िता के साथ कार में नहीं थे।