

लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया में एक सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
याेगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि औरैया के दिवियापुर क्षेत्र में शनिवार को मिनी ट्रक की टक्कर से आटो रिक्शा में सवार आठ लोगों की मृत्यु हो गयी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये।
दिवियापुर सहार मार्ग पर यह हादसा उस समय हुआ जब सवारी लेकर एक आटो दिवियापुर से जा रहा था। सवारियों में अधिकांश शिक्षक थे जो सुबह विद्यालय के लिये निकले थे। सौथरा अड्डा के पास एक डीसीएम ट्रक ने आटो को जोरदार टक्कर मार दी थी।