Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
urban local bodies election in ajmer district results
होम Rajasthan Ajmer नगरीय निकाय चुनाव-2021 : अजमेर, केकडी, सरवाड, विजयनगर, किशनगढ के परिणाम

नगरीय निकाय चुनाव-2021 : अजमेर, केकडी, सरवाड, विजयनगर, किशनगढ के परिणाम

0
नगरीय निकाय चुनाव-2021 : अजमेर, केकडी, सरवाड, विजयनगर, किशनगढ के परिणाम

अजमेर नगर निगम 48 भाजपा, 18 कांग्रेस, एक आरएलपी, 13 निर्दलीय
किशनगढ नगर परिषद 34 भाजपा, 17 कांग्रेस, एक आरएलपी, 8 निर्दलीय
केकड़ी नगर पालिका 17 भाजपा, 21 कांग्रेस, 2 निर्दलीय
सरवाड़ नगर पालिका 8 भाजपा, 15 कांग्रेस, 2 निर्दलीय
बिजयनगर नगर पालिका 18 भाजपा, 14 कांग्रेस, 3 निर्दलीय
अजमेर। जिले के स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मतगणना रविवार का शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़ तथा नगर पालिका केकड़ी, सरवाड़ एवं बिजयनगर में सदस्यों के पदों के परिणाम घोषित किए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि अजमेर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी के 48, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 18, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक तथा 13 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

इसी प्रकार किशनगढ़ नगर परिषद में भारतीय जनता पार्टी के 34, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 17, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का एक तथा 8 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

केकड़ी नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के 17, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 21 तथा 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। सरवाड़ नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के 8, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 15 तथा 2 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। बिजयनगर नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी के 18, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 14 तथा 3 निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।

केकड़ी और सरवाड़ नगर पालिका में कांग्रेस को बहुमत

राजस्थान नगर निकाय चुनाव में आए परिणामों में अजमेर जिले की केकड़ी एवं सरवाड़ नगरपालिका में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया।

परिणामों में केकड़ी पालिका के 40 वार्डो में से 21 पर कांग्रेस ने विजय हासिल की है। भाजपा 17 सीट हासिल करके पिछड़ गई। यहां से दो निर्दलीय भी चुनाव जीते हैं। भाजपा के स्थानीय चुनाव संयोजक अनिल मित्तल की पत्नी इंदु मित्तल चुनाव हार गई है।

सरवाड़ नगरपालिका के 25 वार्डों में से 15 पर कांग्रेस ने विजय हासिल कर परचम फहराया है। यहां भी भाजपा आठ सीटों पर ही जीत हासिल कर पिछड़ गई। दो निर्दलीय भी यहां चुनाव जीते हैं।

उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय विधायक डॉ. रघु शर्मा ने कोरोना की परवाह नहीं किए बिना ही वार्डों में सघन दौरे करके जनता का विश्वास जीता। उन्होंने केकड़ी को जिला बनाने के साथ ही स्मार्ट सिटी बनाने का भी मतदाताओं को भरोसा दिलाया।

अजमेर जिले की पांच निकायों में से दो मे कांग्रेस बोर्ड बनाने जा रहा है जबकि अजमेर नगर निगम सहित किशनगढ़ नगर परिषद एवं बिजयनगर नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनता दिखाई दे रहा है।

किशनगढ और बिजयनगर में भाजपा का बोर्ड बनना तय

राजस्थान में निकाय चुनाव में अजमेर जिले की किशनगढ़ नगर परिषद तथा बिजयनगर नगरपालिका में भाजपा बोर्ड बनने का रास्ता साफ हो गया है। दोनों ही स्थानों पर भाजपा ने बहुमत हासिल किया है।

किशनगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में से 34 पर भाजपा, 17 पर कांग्रेस, 6 किशनगढ़ प्रगति मंच, एक राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी तथा दो पर निर्दलीयों ने सफलता प्राप्त की है। इससे यह सुनिश्चित हो गया है कि नगर परिषद सभापति एवं उप सभापति भाजपा का ही बनेगा। भाजपा की जीत से सांसद भागीरथ चौधरी की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है।

किशनगढ़ विधायक सुरेश टांक द्वारा तीसरे मोर्चे के रूप में गठित किशनगढ़ प्रगति मंच ने चुनावी मैदान में 42 वार्डों से प्रत्याशी खड़े किए थे लेकिन उनके छह पार्षद ही निर्वाचित हुए। टांक के विकास के मुद्दे को किशनगढ़ की जनता ने अस्वीकार कर भाजपा पर भरोसा किया।

बिजयनगर नगरपालिका के 35 वार्डों में से 19 पर भाजपा, 14 पर कांग्रेस तथा 2 निर्दलीय उम्मीदवार निर्वाचित घोषित किए गए। बिजयनगर में पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भाजपा के ही बनने की संभावना है।

नगरीय निकायों के अध्यक्ष का चुनाव 7 फरवरी को

निर्वाचन आयोग के द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में 5 नगरीय निकायों के लिए अध्यक्ष पदों का चुनाव 7 फरवरी को होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन 8 फरवरी को होगा।

जिले में नगर निगम अजमेर, नगर परिषद किशनगढ़ तथा नगर पालिका बिजयनगर, केकडी एवं सरवाड निकायों के अध्यक्ष पदों के लिए लोक सूचना सोमवार एक फरवरी को जारी होगी। नामांकन पत्र मंगलवार 2 फरवरी को अपराह् 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा बुधवार 3 फरवरी को सुबह 10:30 बजे से आरम्भ होगी।

अभ्यर्थिता वापस लेने के लिए गुरूवार 4 फरवरी अपराह् 3 बजे तक का समय निर्धारित है। इसके तुरन्त पश्चात चुनाव चिन्हों का आंवटन किया जाएगा। अध्यक्ष पद के लिए मतदान रविवार 7 फरवरी को सुबगह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात मतगणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों के उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार 8 फरवरी को सम्पन्न होगी। निर्वाचन प्रक्रिया के लिए बैठक सुबह 10 बजे आरम्भ होगी। इसमें सुबह 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11.30 बजे से आरम्भ होगी। दोपहर 2 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकते हैं। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरन्त पश्चात मतगणना होगी।

अजमेर नगर निगम चुनाव परिणाम : भाजपा फिर भारी, बोर्ड बनाने की तैयारी