Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण का निधन - Sabguru News
होम Breaking उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण का निधन

उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण का निधन

0
उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण का निधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरुण का रविवार को यहां संजय गांधी स्नानाकोत्तर आर्युविज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में निधन हो गया। वह 62 वर्ष की थीं।

कानपुर नगर के घाटमपुर क्षेत्र की विधायक वरूण ने बुखार और सांस लेने में तकलीफ के चलते 17 जुलाई को अपना सैंपल सिविल अस्पताल में दिया था जिसकी रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाई गई थी। जिसके बाद 18 जुलाई को उन्हे एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था। आज सुबह नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मंत्री के निधन के कारण उन्होने आज प्रस्तावित अयोध्या दौरा स्थगित कर दिया है। वरूण का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर कानपुर में कोविड प्रोटोकाल के तहत किया जाएगा।

एसजीपीजीआइ के मुख्य चिकित्साधीक्षक डा अमित अग्रवाल ने बताया कि बुखार और सांस लेने में तकलीफ के कारण कमल रानी वरूण का कोरोना टेस्ट किया गया था और रिपोर्ट पाजीटिव आने पर 18 जुलाई को उन्हे भर्ती किया गया था।

मरीज को निमोनिया हो गया था जिसके कारण वह एक्यूट रेस्पिरेट्री डिस्ट्रेस सिंड्रोम में चली गई थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। कोरोना के लिए निर्धारित रेमडेसिविर समेत अन्य निर्धारित दवाएं उन्हें लगातार दी जा रही थी, लेकिन सुधार नहीं हो रहा था।

उन्होने बताया कि मंत्री पहले से ही मधुमेह, हाइपरटेंशन और थायराइड से ग्रसित थी। उनका ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया था। हालांकि, शुरुआत के 10 दिनों में उनकी तबीयत स्थिर रही, लेकिन पिछले तीन दिनों से अचानक स्थिति खराब होने लगी। शनिवार शाम तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें बड़े वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। रविवार को सुबह नौ बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

राज्यपाल आंनदीबेन पटेल,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित समेत भाजपा के कई नेताओं ने दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की है। योगी और मुख्य सचिव आरके तिवारी के अलावा अन्य अधिकारियों ने आज अनलाक बैठक के पहले दो मिनट का मौन रखा। मंत्री के निधन पर आज सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज झुके रहेंगे।

योगी ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार में मेरी सहयोगी, कैबिनेट मंत्री कमल रानी वरुण के असमय निधन की सूचना, व्यथित करने वाली है। प्रदेश ने आज एक समर्पित जननेत्री को खो दिया। उनके परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ॐ शांति।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अब तक छह मंत्री कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, ग्राम विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, होमगार्ड्स मंत्री चेतन चौहान, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्म सिंह सैनी, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेंद्र तिवारी और श्रम निर्माण एवं परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह शामिल है।