Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Uttarakhand Finance Minister Prakash Pant passed away in US, three day state mourning declared-उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रकाश पंत का बीमारी के अमरीका में निधन - Sabguru News
होम Uttrakhand Dehradun उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रकाश पंत का बीमारी के अमरीका में निधन

उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रकाश पंत का बीमारी के अमरीका में निधन

0
उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रकाश पंत का बीमारी के अमरीका में निधन

देहरादून। उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रकाश पंत का लंबी बीमारी के कारण मंगलवार को अमेरिका के टेक्सास में निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। उनके निधन पर गुरुवार को राज्य में शोक अवकाश घोषित किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि कैंसर पीड़ित पंत का लम्बे समय से उपचार चल रहा था। नई दिल्ली में पिछले हफ्ते राजीव गांधी कैंसर अस्पताल के चिकित्सकों के परामर्श पर उन्हें अमरीका के टेक्सास में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार को उनका देहांत हो गया। प्रकाश पंत के निधन की सूचना मिलते ही पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई।

पंत की बीमारी के कारण उनके सभी विभाग- संसदीय कार्य, विधायी, भाषा, वित्त, आबकारी, पेयजल एवं स्वच्छता, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मुख्यमंत्री संभाल रहे हैं। उनके निधन पर राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

पंत का जन्म 11 नवम्बर 1960 को ग्राम खड़कोट, पोस्ट पिथौरागढ़, जनपद पिथौरागढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम मोहन चन्द्र पंत और माता का नाम कमला पंत था, और उनकी पत्नी का नाम चन्द्रा पन्त है।

स्नातक के साथ फ़ार्मेसी में डिप्लोमा हासिल करने वाले पन्त ने 1984 में सरकारी सेवा से त्यागपत्र दे दिया। फिर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कई साहित्यिक रचनाओं को भी पुस्तक रूप में लिखा।

वह 1977 से छात्र राजनिति में सक्रिय रहने के बाद वह 1988 में नगर पालिक परिषद पिथौरागढ़ में सदस्य निर्वाचित हुए। फिर वह 1998 में विधानसभा उत्तर प्रदेश में सदस्य निर्वाचित हुए।

पंत के निधन पर प्रदेश भाजपा के कार्यक्रम तीन दिन स्थगित

उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद अजय भट्ट ने राज्य के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के सभी कार्यक्रम तीन दिन स्थगित रहेंगे।

भट्ट ने पंत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जैसे व्यक्तित्व के हमारे बीच न रहने से प्रदेश एवं भाजपा को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने एक मंत्री एवं विधायक के रूप में तथा भाजपा नेता के रूप में जो योगदान दिया वह हमेशा याद रखा जाएगा। उनके न रहने से जो रिक्तता पैदा हुई है उसे भरा नहीं जा सकेगा।

भट्ट ने कहा कि पंत के साथ तीन दशक से अच्छे संबंध थे और यह सम्बंध राजनीतिक न हो कर वैयक्तिक थे। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत क्षति पहुंची है और इसकी पूर्ति सम्भव नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पंत के निधन पर शोक में प्रदेश में भाजपा के सभी कार्यक्रम तीन दिन तक स्थगित रहेंगे।

योगी ने पंत के निधन पर किया शोक व्यक्त

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखण्ड राज्य के वित्त मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बुधवार को यहां जारी एक शोक सन्देश में योगी ने कहा कि पंत एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। जनता से उनका गहरा जुड़ाव था। वह उत्तराखण्ड राज्य के विकास के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहते थे। उनके निधन से जनता ने अपना एक सच्चा हितैषी खो दिया है। प्रकाश पंत की सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। योगी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए दिवंगत पंत के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत बोले, मैने छोटा भाई खो दिया

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने राज्य के वित्त मंत्री प्रकाश पंत के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रकाश के रूप में आज उन्होंने अपना छोटा भाई खो दिया है। प्रकाश पंत केवल एक राजनेता के तौर पर नहीं बल्कि आकर्षक व्यक्तित्व के धनी प्रकाश की कमी सदैव खलेगी। सदन में सबको साथ लेकर चलने की उनकी कुशलता, वित्तीय मामलों का ज्ञान और विपक्ष के हर तीखे वार का एक मीठी मुस्कान से जवाब देना, ये सब अब उनकी यादों में रहेगा।

उन्होंने कहा कि शांत, सौम्य और सरल स्वभाव के धनी प्रकाशजी ने अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में राज्य के गठन और बाद में प्रदेश को एक नई दिशा देने में बड़ी भूमिका निभाई। उनके निधन से राज्य एवं भारतीय जनता पार्टी ने एक बहुत बड़ा व्यक्तित्व को खो दिया।