Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
देवनानी ने किया जवाहर स्कूल में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण
होम Rajasthan Ajmer देवनानी ने किया जवाहर स्कूल में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण

देवनानी ने किया जवाहर स्कूल में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण

0
देवनानी ने किया जवाहर स्कूल में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण

अजमेर। शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि सिविल लाइंस स्थित राजकीय जवाहर स्कूल का खेल मैदान शीघ्र ही शहर के नए स्पोर्ट्स हब के रूप में पहचाना जाएगा। स्कूल में एक करोड़ की लागत से इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है।

इस स्टेडियम में बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग, कुश्ती एवं अन्य इनडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही बाहर का खुला मैदान बास्केटबॉल, टेनिस, फुटबॉल, हॉकी व अन्य खेलों के लिए विकसित किया जाएगा।

देवनानी ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित जवाहर स्कूल के खेल मैदान में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इंडोर स्टेडियम के निर्माण में गुणवत्ता तथा खेल मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। यह स्टेडियम स्कूल से अलग पूरे शहर के लोगों को उपलब्ध होगा लिहाजा सम्पूर्ण मानकों के अनुसार तैयार किया जाए।

देवनानी ने कहा कि लम्बे समय से शहर में विभिन्न स्थानों पर खेल गतिविधियों के लिए जगह की कमी महसूस की जा रही थी। ऎसे में यह नया स्टेडियम स्पोर्टस हब के रूप में विकसित होगा। इस इनडोर स्टेडियम में मुख्य रूप से बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग एवं कुश्ती सहित अन्य इनडोर खेलों का आयोजन एवं प्रशिक्षण किया जा सकता है।

इसके साथ ही बाहर की खाली भूमि को बॉस्केटबाल एवं अन्य आउटडोर खेलों के लिए विकसित किया जाएगा। साथ ही जवाहर स्कूल का मुख्य मैदान रनिंग ट्रैक, फुटबॉल व हॉकी के खेल मैदान के लिए विकसित होगा। सिविल लाइंस शहर के खेल प्रेमियों के लिए सरकार की सौगात होगी।

देवनानी ने कहा कि इनडोर स्टेडियम जुलाई तक तैयार कर लिया जाएगा। यह अगस्त से खेलों के लिए उपलब्ध होगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इनडोर स्टेडियम के अतिरिक्त पूरे मैदान के लिए योजना बना कर प्रस्तुत करें। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी अभिमन्यू चौधरी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।