
राजसमंद/जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राम राज्य के पक्षधर बताते हुए कहा है कि गर्व है कि उनके प्रयासों से ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का मंदिर अयोध्या में बन रहा है।
राजे रविवार को नाथद्वारा में प्रसिद्ध कथावाचक मोरारी बापू से रामकथा सुनने के अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भी राम राज्य के पक्षधर हैं। तभी तो वे सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास आधारित नीति पर चलते हैं।
उन्होंने कहा कि रामकथा में राम और भरत का त्याग देखिए। राम सिंहासन त्यागकर वन चले गए तो छोटे भाई भरत ने भी सिंहासन त्यागकर चरण पादुकाओं को राजा मानकर शासन चलाया। लेकिन आज के समय में ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। अब तो सिंहासन के लिए संघर्ष हो रहा है।
राजे ने कहा कि ये दो दिन मेरे लिए और भी मंगलप्रद तब हुए जब पूज्य मोरारी बापू के श्रीमुख से रामकथा सुनने का अवसर मिला। क्योंकि राम कथा हमें मानव कल्याण के साथ-साथ त्याग, तपस्या व सत्य की राह पर चलने की सीख देती हैं। अतः इस कथा की सार्थकता तभी है, जब हम इसे अपने व्यवहार में धारण करें।
उन्होंने कहा कि मेरे लिए आज का दिन भी बहुत सुखद और शुभ रहा, क्योंकि मुझे भगवान शिव की उस भव्य प्रतिमा के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जिसके लिए हमारी सरकार ने अक्टूबर 2018 में साढ़े 25 बीघा भूमि आवंटित की थी। आज यहां विश्व की सबसे बड़ी 369 फुट ऊंची शिव प्रतिमा विराजमान है।