

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने अंतरिक्ष में दुश्मन के उपग्रह को मार गिराने की क्षमता हासिल करने पर देशवासियों तथा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।
नायडू ने ट्विटर पर लिखा कि देश के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों को मिशन शक्ति की सफलता के लिए बधाई देता हूं। उपग्रह रोधी मिसाइल के सफल प्रक्षेपण से देश विश्व में एक अंतरिक्ष महाशक्ति के रूप में उभरा है। आपकी उपलब्धि पर हर देशवासी को गर्व है। भावी सफलताओं के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
श्रीमती महाजन ने भी ट्वीट कर वैज्ञानिकों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन और डीआरडीओ के हमारे वैज्ञानिकों ने 300 किलोमीटर दूरी के लाइव सैटेलाइट लक्ष्य को महज तीन मिनट में भेद दिया। यह बेहद बड़ी और ऊंची कामयाबी है। यह विश्व-शांति और स्थायित्व के लिए भारत का अहम और जिम्मेदार कदम है। भारत के अंतरिक्ष विज्ञान कार्यक्रम के लिए बड़ा दिन है।
महाजन ने अंतरिक्ष में भारत को विश्व की चौथी महाशक्ति बनाने, राष्ट्र की सुरक्षा को अत्यधिक मजबूत बनाने के लिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।
राहुल गांधी ने दी डीआरडीओ को बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय रक्षा अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिकों को बधाई दी है। गांधी ने बुधवार को ट्वीट किया कि बहुत बढ़िया डीआरडीओ, आपके काम पर बेहद गर्व है।
इससे पहले कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शक्ति अभियान की सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि डीआरडीओ को बधाई। शक्ति अभियान की आधारशिला संयुक्त प्रगतिशील गठबंठन-कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2012 में रखी थी।
कांग्रेस नेता ने भारत को अंतरिक्ष महाशक्ति बनने का श्रेय प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को देते हुए कहा कि पंडित नेहरू और विक्रम साराभाई के सपनों के कारण भारत अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में अग्रणी बना है। भारत के लिए यह गर्व का क्षण है।