

बेंगलुरु। कर्नाटक की 15 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए सुबह 7 बजे मतदान हो रहा है। उपचुनाव मुखयमंत्री येदियुरप्पा के लिए अहम है। क्योंकि भाजपा को सरकार बचाने के लिए हर हाल में 6 सीटें जीतनी होंगी। अगर ऐसा नहीं हुआ तो येदियुरप्पा सरकार गिरने का संकट पैदा हो जाएगा।
बता दें, इन उपचुनावों के नतीजे सोमवार (9 दिसंबर) को आएंगे। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के 17 विधायकों को अयोग्य करार दिए जाने से ये सीटें खाली हो गई थीं। इनमें से 13 सीटों पर भाजपा ने कांग्रेस-जेडीएस का साथ छोड़कर आए नेताओं को उतारा है। ऐसे में 224 सदस्य वाली विधानसभा में सरकार बरकरार रखने के लिए येदियुरप्पा को कम से कम 6 सीटें जीतनी होगी।
इन 15 सीटों पर कुल 165 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 126 निर्दलीय और केवल 9 महिला प्रत्याशी हैं। उपचुनाव की वजह से कर्नाटक सरकार ने 5 दिसंबर को स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किये गए है।