Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भाजपा विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की मौत की सीबीआई जांच की मांग - Sabguru News
होम Headlines भाजपा विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की मौत की सीबीआई जांच की मांग

भाजपा विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की मौत की सीबीआई जांच की मांग

0
भाजपा विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की मौत की सीबीआई जांच की मांग

रायगंज। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में हेमताबाद के पार्टी विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की रहस्यमयी परिस्थिति में मौत के मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से जांच कराने की मांग की है।

राज्य के उत्तरी दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से भारतीय जनता पार्टी के विधायक (59) का शव सोमवार सुबह उनके घर से एक किलोमीटर दूर बिंदाल गांव में एक दुकान के सामने लटका हुआ पाया गया। भाजपा नेतृत्व और विधायक के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि राॅय की पहले हत्या की गई और उसके बाद उन्हें लटका दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राय की कथित नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करते हुए इसे आश्चर्यजनक और दु:खद करार देते हुए कहा कि यह घटना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार शासित राज्य में गुंडा राज्य और कानून-व्यवस्था की विफलता को बयां करती है।

नड्डा ने टि्वटर पर कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली और निंदनीय है। यह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में गुंडा राज्य और कानून-व्यवस्था की विफलता बताती है। लोग भविष्य में इस तरह की सरकार को माफ नहीं करेंगे। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

भाजपा के पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने रॉय की मौत की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विधायक की उनके जानने वालों ने हत्या की है क्योंकि वह रात को एक बजे एक फोन कॉल आने के बाद घर से बाहर निकले थे।

पुलिस राॅय की रहस्यमय परिस्थिति में मौत की घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम के बाद ही उनकी मौत के कारण का पता चल सकेगा। विधायक के शव को रायगंज सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में राजनीतिक हिंसा और प्रतिहिंसा के कम होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से भाजपा के विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय की मौत, हत्या के आरोपों समेत गंभीर मुद्दे को उठाता है। उन्होंने कहा कि सच्चाई को सामने लाने और राजनीतिक हिंसा को समाप्त करने के लिए पूरी तरह निष्पक्ष जांच की जरूरत है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय ने ट्वीट किया कि उत्तरी दिनाजपुर जिले के हेमताबाद से भाजपा के विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय का शव बिंदाल गांव में लटका हुआ पाया गया। लोगों की राय स्पष्ट है कि पहले विधायक की हत्या की गई और फिर उनके शव को लटका दिया गया। उनका अपराध? वह 2019 में भाजपा में शामिल हुये थे। ओम शांति।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बी एल संतोष ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि हेमताबाद से भाजपा विधायक देवेन्द्र नाथ राॅय का शव उनके घर के समीप लटका हुआ पाया गया। वह 2019 के चुनावों के दौरान पार्टी में शामिल हुए थे। विधायक के पड़ोस के लोग कहा रहे हें कि उनकी हत्या कर उनके शव को लटका दिया गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गुंडा राज में एक और नृशंस हत्या।

उल्लेखनीय है कि मई 2019 में राॅय के साथ सुभ्रांषु रॉय, तुषार कांती भट्टाचार्य और 50 से अधिक पार्षद नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय और कैलाश विजयवर्गीय के उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए थे। रॉय इससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक थे लेकिन 2019 में वह भाजपा में शामिल हो गए।

रॉय के परिवार के सदस्याें ने बताया किया है कि मोटरसाइकिल में सवार कुछ लोगों के फोन आने के बाद विधायक लगभग एक बजे अपने बलिया स्थित घर से बाहर निकले थे। उनका शव एक बंद परचून की दुकान के पास लटका हुआ मिला।