
अजमेर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अजयमेरू महानगर में शुक्रवार सुबह निकले संचलन पर लोगों ने जमकर फूल बरसाए। कई जगह तो सडक पर फूलों की पंखुडियों की सेज सी बिछ गई। लेकिन संचलन के गुजर जाने के बाद यही फूल अचानक हादसों का कारण बनने लगे। कई दुपहिया वाहन चालक फूलों के कारण स्लिप होकर गिर पडे। शहर के मुख्य चौराहे मदार गेट पर संचलन के दौरान बडी संख्या में स्वागत के लिए संघ के विभिन्न संगठनों के लोग भी जुटे हुए थे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी।
जैसे ही एक दुपहिया वाहन स्लिप होने की घटना हुई संघ से जुडी मातृशक्ति तत्काल सक्रिय हो गई। आनन फानन स्वदेशी जागरण मंच, राष्ट्र सेविका समिति, दुर्गा वाहिनी, भाजपा आदि की महिला सदस्यों ने मौके पर मौजूद पुलिस की मदद से यातायात को कुछ मिनट के रुकवाया और सभी ने सामूहिक श्रमदान कर सडक पर सफाई शुरू कर दी तथा बिखडे फूलों और पंखुडियों को समेट दिया।
इस नजारे को देख लोगों ने उनकी खूब प्रशंसा की और कहा कि यही संघ के संस्कार हैं। इस छोटी सी घटना ने बडा संदेश दे दिया और जहां से भी संचलन गुजरा तथा पुष्पवर्षा की गई वहां बिखरे फूलों के कारण हुई गंदगी तत्काल संघ के संचलन की व्यवस्थाओं में लगे कार्यकर्ताओं ने ही साफ कर दी।
बतादें कि विजयादशमी उत्सव के अवसर पर मोईनिया इस्लामिया स्कूल से तरुण वर्ग और बाल वर्ग के दो पथ संचलन सुबह 10 बजे निकले। ये संचलन क्लॉक टॉवर, कस्तूरबा अस्पताल, गांधी भवन चौराहा, चूड़ी बाजार प्रवेश, गोल प्याऊ, नया बाजार चौपड़, आगरा गेट (गणेश मन्दिर), नसियां जी, महावीर सर्किल, गंज गुरूद्वारा, देहली गेट, धान मण्डी, दरगाह, महेश मेडिकल, नला बाजार, मदार गेट, कवंडसपुरा प्रवेश, अपना बाजार, केईएम, प्लाजा सिनेमा, झूलेलाल मन्दिर, ठठेरा चौक, ऊसरी गेट, पद्मा डेयरी, केसर गंज, गोल चक्कर, डीएवी विद्यालय, केसरगंज पुलिस चौकी, पंजाब एण्ड सिन्ध बैंक मोड, मोईनिया स्कूल पहुंचकर विसर्जित हुए।