

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में एक महिला ने रविवार सुबह मुंबई-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस में जुड़वा बच्चों को जन्म दिया।
मध्य रेलवे के प्रवक्ता एस उदासी ने बताया कि ट्रेन सं 18520 के सुबह लगभग आठ बजे कल्याण स्टेशन पर पहुंचने के समय गर्भवती महिला यात्री सलमा तबस्सुम शेख को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही निरीक्षक नितिन गौर और महिला पुलिस कांस्टेबल नीलम गुप्ता तथा सुरेखा कदम के साथ राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) का दल महिला की मदद के लिए पहुंच गया।
मध्य रेलवे की मेडिकल टीम और जीआरपी की मौजूदगी में ट्रेन को कल्याण स्टेशन पर आधा घंटा के लिए रोका गया। महिला का ट्रेन में ही प्रसव कराया गया और उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। उसके बाद महिला को नवजातों समेत ट्रेन से उतारकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उदासी ने बताया कि मां और बच्चे दोनों स्वस्थ हैं। महिला मुंबई के उपनगर घाटकोपर के गौसिया मस्जिद के पास एक कॉलोनी की निवासी है।