Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
BJP-RSS को असम की भाषा-संस्कृति पर हमला नहीं करने देंगे : राहुल गांधी - Sabguru News
होम Northeast India Assam BJP-RSS को असम की भाषा-संस्कृति पर हमला नहीं करने देंगे : राहुल गांधी

BJP-RSS को असम की भाषा-संस्कृति पर हमला नहीं करने देंगे : राहुल गांधी

0
BJP-RSS को असम की भाषा-संस्कृति पर हमला नहीं करने देंगे : राहुल गांधी

गुवाहाटी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ असम के इतिहास तथा यहां की भाषा एवं संस्कृति पर हमला करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस उसे इसकी इजाजत नहीं देगी।

गांधी ने कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को यहां आयोजित जनसभा काे संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस अपना एजेंडा असम पर थोपना चाहते हैं और यहां के इतिहास, भाषा और संस्कृति पर आक्रमण करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस उन्हें ऐसा नहीं करने देगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस को अच्छी तरह से समझ लेना चाहिए कि असम को नागपुर नहीं चलाएगा, आरएसएस के लोग नहीं चलाएंगे। असम को सिर्फ असम की जनता चलाएगी। असम अपनी संस्कृति और इतिहास को बहुत अच्छे से समझता है। असम के लोग जानते हैं कि एक साथ मिलकर प्रेम और भाईचारे से ही प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा और आरएसएस का लक्ष्य यही है कि असम की जनता को आपस में लड़ाओ और फूट डालकर अपने 10-15 उद्याेगपति मित्रों को फायदा पहुंचाओ। इसके लिए वे यहां के इतिहास, भाषा और संस्कृति पर हमला करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि अगर ये सोचते हैं कि पूर्वोत्तर भारत के इतिहास, संस्कृति, भाषाओं को दो मिनट में कुचल देंगे, तो मैं बता दूं कि इन्होंने पूर्वोत्तर भारत को अभी पहचाना ही नहीं है। गांधी ने कहा कि भाजपा नागरिकता संशोधन कानून के माध्यम से इस प्रदेश को नुकसान पहुंचाना चाहती है लेकिन कांग्रेस ने संसद में इस कानून का जमकर विरोध किया था।

पार्टी ने पहले ही संसद में साफ कह दिया था कि वह नागरिकता संशोधन कानून काे पारित नहीं होने देगी। इससे देश के पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों को नुकसान होना है इसलिए पार्टी ने इस कानून का शुरू से ही विरोध किया था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि श्री मोदी ने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने दो करोड़ नौकरियां देने की बात कही थी लेकिन कितनी नौकरियां दी पूरा देश जानता है। मोदी सरकार की नीतियों के कारण आज युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। देश में आज 45 साल की सबसे ज्यादा बेरोजगारी है।

उन्होंने मोदी सरकार पर अर्थव्यवस्था को चौपट करने का आरोप लगाया और कहा कि पहले देश की अर्थव्यवस्था के बारे में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा कहते थे कि अमेरिका का मुकाबला केवल भारत और चीन कर सकते हैं। लेकिन, आज भाजपा ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया।

गांधी ने कहा कि भाजपा देश के जिस राज्य में भी जाती है वहां के लोगों को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने प्रदेश की जनता को आगाह किया था कि भाजपा को नहीं जिताना है।

उन्होंने कहा कि मैंने चुनावों के दौरान कहा था कि अगर असम में भाजपा सरकार बनाती है, तो यहां की शांति, प्रगति, भाईचारा खत्म हो जाएगा और असम में फिर हिंसा होगी। ये सच साबित हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा पूरे देश में, जहां भी जाती है, नफरत फैलाती है। असम में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं, बाकी प्रदेशों में भी कर रहे हैं। गोली मारने की, जान लेने की क्या जरूरत है। मगर, युवाओं, माताओं-बहनों, जनता की आवाज से भाजपा डरती है इसलिए वह इस आवाज को कुचलना चाहती है।