मुंबई की बहुमंजिला इमारत में आग लगने से 2 की मौत, 7 घायल

मुंबई। दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर इलाके में रविवार को बहुमंजिला इमारत के बिजली के मीटर बॉक्स में आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए।

दमकलकर्मी के सूत्रों के अनुसार आग सुबह 6.11 बिजली के कॉमन मीटर बॉक्स में लगी। आग लगने से इमारत में धुआं फैल गया। सूत्रों के अनुसार दो महिलाएं जो पहली मंजिल पर थीं, उनके हाथ और पैर झुलस गए और धुएं के कारण उनका दम भी घुट गया। दोनों को सरकारी जेजे अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

उनकी पहचान जिया शेख शाह (30) और शबीला खातून शेख (42) के रूप में हुई। सूत्रों ने बताया कि झुलसे लोगों का इलाज जेजे अस्पताल और जीटी अस्पताल में किया जा रहा है।

घायल व्यक्तियों में करीम शेख (20), आदिल राजा शेख (24) (दोनों पुरुष), नकीस सुरती (24), साजिया आलम शेख (30), सबिला खातून शेख (42), शाहीन शेख (22), साहिन आलम शेख (22) (बाकी सभी महिलाएं) शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि आग पर सुबह 6.31 बजे काबू पा लिया गया।