कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने भरतपुर में ध्वजारोहण कर ली मार्च पास्ट की सलामी

भरतपुर। कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने आजादी के महापर्व 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय भरतपुर में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण कर जवानों की ऊर्जा एवं शौर्य से सराबोर मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने जिले में राजकीय कार्यों का पूर्ण निष्ठा, कर्मठता से सम्पादन किए जाने के उपलक्ष्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कार्मिकों एवं छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र देकर, वीर-वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्तिपूर्ण एवं सतरंगी संस्कृति को साकार करते हुए कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम का प्रदर्शन कर लय एवं ताल के साथ देशभक्ति का समा बांधा। राठौड़ ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वरिष्ठजनों का सान्निध्य प्राप्त कर प्रियजनों से सुखद सार्थक संवाद किया।

लक्ष्मी विलास पैलेस में वरिष्ठजनों से शिष्टाचार भेंटकर स्नेहिल संवाद किया और अमूल्य आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त किया। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर निष्ठावान कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया और सभी के साथ स्नेहिल संवाद किया।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने स्वतंत्रता दिवस पर की सभी को बधाई देते हुए कहा कि सतरंगी संस्कृति का हमारा देश तिरंगे की आन बान शान के लिए एक है। आजादी की कीमत हमारे पूर्वजों ने चुकाई थी। इसे अक्षुण्य रखते हुए देश की प्रगति, उन्नति के लिए सभी नागरिकों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। संविधान हमें अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी देता है। हमें बुरी आदतों को बलिदान देकर देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपना योगदान देना होगा।

हमारा इतिहास अतुलनीय है, दुनिया हमारी संस्कृति का अनुसरण कर रही है, यह सब देश के मजबूत नेतृत्व के कारण सम्भव हुआ है। आज दुनिया भारत की तरफ देख रही है, हम विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बन गए हैं, आर्थिक ताकत से गांव-गांव तक विकास पहुंच रहा है। जब नीति सही होती है, नीयत सही होती है और पूर्ण समर्पण से राष्ट्र का कल्याण ही मंत्र होता है, तो निश्चित ही परिणाम बेहतर प्राप्त होते हैं। भारत की दिशा सही है, भारत की गति तेज है और भारत के सपनों में सामर्थ्य है। हमारा एक ही संकल्प होता है- नेशन फर्स्ट, राष्ट्रहित सर्वोपरि।

कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान वीर-वीरांगनाओं एवं त्याग-बलिदान की भूमि है। हमें प्रदेश को शिक्षा, खेल, उद्योग, आधारभूत सुविधाओं में अग्रणी बनाना है। जाति, धर्म, संस्कृति से ऊपर उठकर देश-प्रदेश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर भागीदारी निभानी होगी तभी 2029 तक विश्व की तीसरी शक्तिशाली अर्थव्यवस्था खड़ी कर सकेंगे।

प्रदेश में सरकार ने आधारभूत सुविधाओं का खाका तैयार कर विकास का पथ तैयार किया है। कर्नल राज्यवर्धन जी ने आहृवान किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान तथा एक पेड मां के नाम अभियान में सभी नागरिक अपनी भागीदारी निभाएं। देश प्रेम के साथ आने वाली पीढ़ियों के भविष्य व पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें।

सब मिलकर राजस्थान को प्रगति की नई ऊंचाईयों पर ले जाएंगे : भजनलाल

मोदी के नेतृत्व मे देश ने अदभुत तरक्की की : अविनाश गहलोत

अजमेर में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किया ध्वजारोहण