मोदी के नेतृत्व मे देश ने अदभुत तरक्की की : अविनाश गहलोत

ब्यावर/अजमेर। राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कुछ वर्षों में ही अदभुत तरक्की की है।

गहलोत ने गुरुवार को ब्यावर में जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण के बाद सम्बोधित करते हुए कहा कि अब वह 2047 के विकसित भारत की संकल्पना लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें हम सबको भागेदारी निभानी है।

उन्होंने कहा कि बढ़ते वैश्विक तापमान के दुष्प्रभाव को समझते हुए पांच जून को प्रधानमंत्री ने पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राजस्थान में सात करोड़ पौधे लगाने का निर्णय लिया। अभियान के तहत अब तक करीब साढ़े पांच करोड़ पौधे लगाकर लक्ष्य प्राप्ति तक पहुंचने की ओर अग्रसर हैं। मुख्यमंत्री की सोच है कि राज्य को ‘हरियालो राजस्थान’ बनाएंगे।

गहलोत ने कहा कि सरकार की ओर से महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसी प्रकार पेपर लीक को सख्ती से रोक कर युवाओं के हित में विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का निर्णय लिया गया। राज्य सरकार हर वर्ग के लिए प्रतिबद्ध है एवं हमें राज्य की प्रगति पर गर्व है। राजस्थान अब देश में अग्रणी राज्यों के रूप में खड़ा है। इस अवसर पर उन्होंने ब्यावर जिले की 71 प्रतिभाओं को सम्मानित किया।

सब मिलकर राजस्थान को प्रगति की नई ऊंचाईयों पर ले जाएंगे : भजनलाल

अजमेर में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किया ध्वजारोहण