एग्ज़िट पोल में भाजपा-राजग को प्रचंड बहुमत,इंडिया गठबंधन टक्कर में नहीं

नई दिल्ली। अठाहरवीं लोकसभा के लिए हुए चुनावों में ज्यादातर एग्जिट पोल यानी मतदान पश्चात सर्वेक्षण में भारतीय जनता पार्टी तथा उसके नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के भारी बहुमत से लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का अनुमान व्यक्त किया गया है और कांग्रेस तथा उसके सहयोगियों का इंडिया समूह कहीं भी टक्कर में दिखाई नहीं दे रहा है।

शनिवार को सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के बाद टुडेज चाणक्य और इंडिया टीवी इन दोनों के एग्जिट पोल में राजग को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुमान के अनुसार 400 के पार सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। टुडेज चाणक्य ने राजग को 400 सीटें मिलने तथा इंडिया टीवी ने राजग को 371 से 401 सीटें देने की बात कही है। इन दोनों ने इंडिया समूह को क्रमश 107 और 109 से 139 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। अन्य को क्रमश 36 और 28 से 38 सीटें मिलने की बात कही गई है।

अलग अलग समाचार संगठनों तथा एजेन्सियों के एग्जिट पोल की औसत के आधार पर एनडीटीवी के पोल ऑफ पोल्स में राजग को 366, इंडिया समूह को 144 तथा अन्य को 33 सीटें मिलने की बात कही गई है। इसमें भाजपा को अकेले 305 सीटें मिलने की बात कही गयी है जो उसके पिछली बार के 303 के आंकड़े से अधिक है। वहीं कांग्रेस को अकेले 64 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

अन्य सर्वेक्षणों में इंडिया न्यूज-डी डायनमिक्स ने अपने अनुमान में राजग को 371, इंडी गठबंधन को 125 तथा अन्य को 47 सीटें दी हैं जबकि जन की बात के सर्वेक्षण में राजग को 362 से 392, इंडी गठबंधन को 141 से 161 तथा अन्य को 10 से 20 सीटें दी हैं। रिपब्लिक भारत मैट्रिज़ ने राजग को 353 से 368, इंडी गठबंधन को 118 से 133, अन्य को 43 से 48 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। रिपब्लिक टीवी पी मार्क और टीवी 5 तेलुगु के अलग-अलग सर्वेक्षणों में राजग को 359, इंडी गठबंधन को 154 एवं अन्य को 30 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

दैनिक भास्कर ने राजग को 281 से 350, इंडी गठबंधन को 145 से 201 और अन्य को 33 से 49 सीटें मिलने की बात कही है। न्यूज नेशन ने राजग को 342 से 378, इंडी गठबंधन को 153 से 169 और अन्य को 21 से 23 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।

मैनेज करवाए गए हैं एग्जिट पोल : कांग्रेस

कांग्रेस ने सातों चरण के मतदान पूरे होने के बाद सामने आए एग्जिट पोल को मनोवैज्ञानिक खेल करार देते हुए शनिवार को कहा कि यह सब मैनेज्ड है और इंडिया गठबंधन 295 से ज्यादा सीटें जीत रहा है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जय राम रमेश ने एग्जिट पोल के परिणाम आने के बाद कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत तय है और चार जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता से बाहर हो रहे हैं।

मोदी का नाम लिए बिना कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस व्यक्ति का चार जून को एग्जिट होना तय है, उसने ये एग्जिट पोल्स मैनेज करवाए हैं। इंडिया गठबंधन को निश्चित रूप से कम से कम 295 सीटें मिलेंगी- बिल्कुल स्पष्ट और निर्णायक बहुमत।

उन्होंने मोदी को निवर्तमान प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि निवर्तमान प्रधानमंत्री इस बीच तीन दिनों तक निश्चिंत रह सकते हैं। ये सब मनोवैज्ञानिक खेल है, जिनमें उन्होंने महारत हासिल कर ली है। लेकिन वास्तविक परिणाम इनसे बहुत अलग होंगे। बदलेगा भारत, जीतेगा इंडिया गठबंधन।