राहुल गांधी 54 साल के हुए, खड़गे ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। राहुल गांधी आज 54 साल के हो गए।

खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि भारत के संविधान में निहित मूल्यों के प्रति आपकी अटूट प्रतिबद्धता और लाखों अनसुनी आवाजों के प्रति आपकी सहानुभूति, वे गुण हैं जो आपको दूसरों से अलग करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि विविधता में एकता, सदभाव और करुणा का कांग्रेस पार्टी का सिद्धांत आपके सभी कार्यों में दिखाई देता है, क्योंकि आप सत्ता को सच्चाई का आईना दिखाकर आखिरी व्यक्ति के आंसू पोंछने के अपने मिशन में लगे हुए हैं। मैं आपके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।

प्रियंका ने राहुल को बताया अपना पथप्रदर्शक

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने भाई एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को दार्शनिक तथा तर्कशील नेता बताते हुए उन्हें अपना मार्ग दर्शन बताया और शुभकामनाएं दी कि वह राजनीतिक के क्षितिज पर सितारे की तरह चमकते रहें।

वाड्रा ने कहा कि मेरे प्यारे भाई को जन्मदिन की शुभकामनाएं, जिनकी जीवटता अद्वितीय है। दृष्टिकोण ऐसा है जो सबके पथ को रोशन करता है। मेरे हमेशा के दोस्त, मेरे सहयात्री, तर्कशील मार्गदर्शक, दार्शनिक और नेता। चमकते रहो, तुम्हें सबसे ज्यादा प्यार।