अजमेर में भव्य कलश यात्रा के साथ रामकिशोर जी महाराज का चातुर्मास शुरू

रामद्वारा में कथा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक
अजमेर। रामस्नेही संप्रदाय मेड़ता देवल के पीठाधीश्वर 108 रामकिशोर महाराज के 54वें चातुर्मास के अवसर पर रविवार सुबह 9 बजे 351 कलशों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा से पहले प्रकाश पंड़ित ने महाराजश्री से समस्त देवी देवताओं और कलश की पूजा अर्चना करवाई।

बैंड बाजों ढोल व ध्वज पताका के साथ कलश यात्रा आगरा गेट स्थित वैभव लक्ष्मी मंदिर से शुरू हुई जो आगरा गेट, नया बाजार, चूड़ी बाजार, कचहरी रोड चौराहा, मदार गेट से होती हुई नला बाजार स्थित रामद्वारा पहुंची। शोभायात्रा का मार्ग में कई जगह पर भव्य स्वागत किया गया।

शोभायात्रा रामद्वारा पहुंचने पर श्रीमद भागवत ग्रंथ का पूजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए रामकिशोर महाराज ने कहा कि आज चातुमार्सीय सत्संग के पूर्व जो कलश यात्रा निकाली गई वह ज्ञान गंगा है। इस ज्ञान गंगा के माध्यम से आप सभी आत्मिक स्नान कर मन को पवित्र करो और अपना कल्याण करो।

इस दौरान उज्जैन के महंत बड़े साध ध्यानीराम महाराज, संत रामनिवास शास्त्री, दयाराम महाराज, रामप्रकाश महाराज, श्रवणराम महाराज, उदयराम महाराज, संत उत्तमराम शास्त्री, रमणराम महाराज, अमृतराम महाराज, साध्वी ज्योति प्रभा आदि ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान, उषा मारोठिया, दुर्गा सोनी ने महाराज का स्वागत किया। इसी दौरान चातुर्मास सत्संग समिति के राजेन्द्र प्रसाद मित्तल, राजेश जादम, बसंत भट्‌ट, रणजीत सिंह सांखला, मुकेश सैनी और महिला मंडल ने महाराजश्री और बाहर से पधारे संतों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में चेतन भाटी, सुनील कुमार, पंकज गढ़वाल, पवन, भंवर लाल चौहान, डॉ दीपक शर्मा, शहर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, रचित कच्छावा, रवि गुप्ता, प्रमोद भाटी सहित कई श्रद्धालुओं ने अपनी सेवाएं दी। भोजन प्रसाद की आयोजन किया गया। महाराजश्री की कथा नियमित रुप से रोजाना दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नला बाजार स्थित रामद्वारा परिसर में होगी।