नव नियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संभाला अपना पदभार

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने शनिवार को यहां अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदसय, पार्टी की सहप्रभारी विजया राहटकर, केन्द्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा के पार्टी प्रभारी डा सतीश पूनियां, कई विधायक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा अरुण चतुर्वेदी एवं अशोक परनामी, पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र राठौड़, राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सी आर चौधरी सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे। इससे पहले मदन राठौड़ के जयपुर पहुंचने पर हवाई अड्डे से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक उनका पार्टी के सभी मोर्चो के द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।

इस अवसर पर भजनलाल शर्मा ने कहा कि मदन राठौड़ को एक साधारण कार्यकर्ता से देश के बड़े प्रदेश राजस्थान का पार्टी अध्यक्ष बनने का मौका मिला है। उन्होंने कार्यकर्ता की महिमा बताते हुए कहा कि देश में वर्ष 2014 से पहले का वातावरण में भ्रष्टाचार, आतंकवाद एवं नक्सलवाद आदि जिस तरह की स्थिति थी लेकन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाद देश में परिवर्तन देखा गया हैं, गरीब एवं विकास योजनाएं, आतंकवाद का खात्मा, दुनियां में बढ़ता हुआ भारत का गौरव आदि ये सब कार्यकर्ताओं के वजह से बन पाया कि देश में तीसरी बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन एवं भाजपा एवं प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने कार्यर्ताओं का अभिनंदन किया।

शर्मा ने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने डा पूनियां एवं सीपी जोशी के नेतृत्व में सड़कों पर आंदोलन किया था और यही पार्टी के कार्यकर्ता है जिन्होंने कांग्रेस को जवाब देने काम किया। उन्होंने कहा कि सभी एक नागरिक होने का अपना कर्तव्य भी निभाए और अंतिम छोर तक के व्यक्ति को आगे लाना हैं तथा उस व्यक्ति तक केन्द्र एवं राज्य की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ जिसको आवश्यकता हैं उसे मिले, इससे उसकी दवाएं भी मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मोदी ने स्वच्छता का काम हाथ में लिया जो आज देश भर में चल रहा है। इसी तरह बेटी पढ़ाओं बेटी बचाओं का नारा दिया गया। मोदी का आह्वान है कि पर्यावरण की दृष्टि से एक पेड़ मां के नाम लगाना है और सात अगस्त को हरियाली तीज है और राजस्थान हरियालो राजस्थान मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मौके प्रदेश में सभी विभागों के माघ्यम से हम सवा करोड़ पेड़ लगाने का काम करने वाले हैं।

उन्होंने निवदेन किया कि मंत्री, विधायक एवं सांसद अपने क्षेत्रों में रहेंगे और राजस्थान में रेगिस्तान होने के कारण यहां पेड़ लगाने की आवश्यकता ज्यादा हैं, इस अभियान में कार्यकर्ता सभी को साथ लेकर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने का काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम विचार और संस्कार के लिए लड़ रहे हैं और देश एवं राजस्थान का भला कोई कर सकता है वह भाजपा का कार्यकर्ता कर सकता हैं, यह लोगों को विश्वास है और हमें इस विश्वास को बनाए रखना है और इसके लिए हमें आमजन के बीच में रहना है।

इस अवसर पर राजे ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि मदन राठौड़ अपनी भूमिका को सही से निभाएंगे और पूरी लगन से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सब की मेहनत से भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।

इस मौके जोशी ने कहा कि एक विचारधारा को लेकर हमारे पूर्वजों ने जो पौधा लगाया और आज वो वटवृक्ष के रूप में काम कर रहा है। जो लोग संतों का अपमान करते है उन्हें सत्ता से बाहर रखने का हमें संकल्प लेना है। जो लोग अपनी जात छुपाते हैं और देश की जाति पूछने का दुस्साहस करते है उनसे सचेत रहने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने प्रचारक जीवन से ही पार्टी के विचार को आगे बढ़ाया, आपातकाल में जेल काटी, विधायक और वर्तमान समय में राज्यसभा सांसद सहित अनेक दायित्वों का निर्वहन किया है, इनके अनुभव का लाभ संगठन और पूरे प्रदेश को मिलेगा।

इस अवसर पर मदन राठौड़ ने नई जिम्मेदारी के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी लगन एवं मेहनत के साथ पूरा करने का प्रयास करेंगे और कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान किया जाएगा।