बिलासपुर में टीचर समेत तीन लोगों ने विवाहित महिला से किया गैंगरेप

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक शिक्षक सहित तीन लोगों ने मिलकर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। पीड़िता के अनुसार वह बुधवार शाम को अपने मायके जाने के लिए बस स्टॉप पर खड़ी थी। तभी एक परिचित शिक्षक प्रमोद सिंह चंदेल, अपनी कार से वहां पहुंचा और महिला को लिफ्ट देने का प्रस्ताव दिया। महिला, विश्वास करके कार में बैठ गई।

शिक्षक ने अपने दोस्तों यजवेंद्र सिंह चंदेल और अखिलेश सिंह चंदेल के साथ मिलकर महिला को एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी महिला को छोड़कर फरार हो गए।

डरी हुई महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। गुरुवार को उसने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।