राज्यसभा में विपक्ष ने प्रश्नकाल का महत्वपूर्ण समय बर्बाद किया : मदन राठौड़

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि राज्यसभा में इंडिया समूह ने मिलकर हंगामा करके प्रश्नकाल को बर्बाद किया है।

राठौड़ ने आज यहां पत्रकारों से कहा कि राज्यसभा में विपक्ष ने बिना वजह हंगामा किया और सदन की गरिमा को तार-तार करते हुए अमर्यादित कार्य किया। विपक्ष के हंगामे के कारण प्रश्नकाल जैसा महत्वपूर्ण समय बर्बाद हो गया और यह सब कांग्रेस की आलाकमान सोनिया गांधी के इशारों पर किया गया है।

उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने सांसदों को उकसाने का कार्य किया है। समाजवादी पार्टी सांसद जया अमिताभ बच्चन द्वारा उपराष्ट्रपति जैसे गरिमापूर्ण पद पर अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करना गलत है। विपक्ष द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने से कुछ नहीं होगा, बहुमत हमारे साथ है।

राठौड़ ने राजस्थान में छह विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों को लेकर जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर लेकर जाएंगे। भाजपा आने वाले उपचुनावों में एकजुट होकर विजयश्री प्राप्त करेगी।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब कांग्रेसी नेताओं का भ्रम नहीं चलेगा। लोकसभा चुनावों में कांग्रेसियों ने संविधान और आरक्षण को लेकर देश की जनता को गुमराह करने का कार्य किया था, लेकिन अब जनता विपक्ष के एजेंडे को समझ चुकी है और समाज को तोड़ने का षड़यंत्र नहीं चलेगा। भाजपा ने संविधान की शपथ ली है और उसकी रक्षा करेगी।

राठौड़ ने बताया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक होगी। उसके बाद प्रस्ताव केंद्र को भेजा जाएगा। केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व द्वारा अंतिम फैसला किया जाएगा। उन्होंने बांग्लादेश में मौजूदा हालात के सम्बन्ध में कहा कि भारत में बांग्लादेश जैसा संकट कभी नहीं आ सकता। केंद्र सरकार की ओर से सीमा पर सावधानी बरती जा रही है। सीमा पर पीड़ित हिंदुओं को भारत सरकार दस्तावेजों के आधार पर शरण देगी। फिलहाल उनकी रक्षा की जा रही है।