उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पौधा रोपा, बोलीं तिरंगा हमारी आन-बान और शान

भाजपा शहर जिला अजमेर वितरित करेगी 11,000 तिरंगे
अजमेर। उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर प्रभारी दिया कुमारी ने सोमवार को अजमेर प्रवास के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मारक पर पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन कर एक पेड़ मां के नाम देशव्यापी अभियान के तहत वृक्षारोपण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार दीनदयाल उपाध्याय के मूल मंत्र अंत्योदय के भाव के साथ कार्य कर रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। एक पेड़, मां के नाम अभियान मां के प्रति प्रेम, आदर, सम्मान, कर्तव्य का निष्ठा का प्रतीक है। एक पौधा जरूर लगाएं, पर्यावरण को नष्ट होने से बचाएं।

तिरंगा हमारी आन-बान और शान

तिरंगा अभियान को लेकर दिया कुमारी ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सदभाव एवं स्वाधीनता के आंदोलन से जुड़े सेनानियों को याद करना है। तिरंगा हमारी आन-बान और शान है। इसे हमें सदैव बरकरार रखना है। कांग्रेस ने हजारों-लाखों ऐसे मनीषियों-महापुरुषों के योगदान को भुला दिया जिन्होंने भारत को अंग्रेजों से आजादी दिलाने के लिए अपना जीवन खपा दिया था।

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि रक्षाबंधन के साथ-साथ हमें इन वृक्षों के संरक्षण की भी जिम्मेदारी लेनी होगी। वृक्षारोपण से ही प्रकृति में संतुलन बनाए रखा जा सकता है। हमें अपने आसपास के वातावरण को शुद्ध बनाए रखने के लिए पेड़ लगाने को अपना अनिवार्य दायित्व समझना होगा। चौधरी ने कहा कि आजादी हमें ऐसे ही नहीं मिली। इस आजादी को पाने के लिए देश के हजारों नौजवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी और लाखों परिवारों ने अपना सुख-चैन त्याग कर योगदान दिया है। देशभक्ति से ओतप्रोत होकर देश की जनता ने दिन-रात एक करके अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए और अंग्रेजों को भारत छोड़ने पर मजबूर कर दिया था।

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगे वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर तक तिरंगा लगाने का आव्हान किया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी शहर जिला अजमेर सभी मंडलों के माध्यम से शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक तिरंगा का वितरण करेगी। तिरंगा यात्रा का लक्ष्य और उत्सव तभी ही पूर्ण होगा जब देश का प्रत्येक नागरिक देश को आगे बढ़ाते हुए 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेगा।

भाजपा शहर जिला अजमेर की ओर से शहर अध्यक्ष रमेश सोनी के नेतृत्व में प्रभारी मंत्री दिया कुमारी का सर्किट हाउस पर बैंड वादन के जरिए भव्य स्वागत किया गया। नगर निगम अजमेर की ओर से आयोजित तिरंगा स्वाभिमान महारैली में भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र सिंह कनावत, जिला महामंत्री वेद प्रकाश दाधीच, वनिता जैमन, जयकिशन परवानी, किशन बांग, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, राहुल जैसवाल, राजेश घाटे, महेन्द्र पाटनी, हेमंत सांखला, धर्मेश जैन, संतोष पारीक, प्रकाश बंसल, सतीश बंसल, विक्रम सिंह, सत्येंद्र शर्मा, विकास लालवानी, जातवेद सोनी, दयाल सेवासिया, रूबी जैन, हितेश वर्मा, अमन जावर, रवि गुर्जर, अक्षय गोरा, पंकज सिंह, मोहन लालवानी, नितेश कनौजिया, अजय नरूका, तुषार कनौजिया, विकास माथुर आदि उपस्थित रहे।

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं कार्यकर्ता : कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत

बजट घोषणाओं की समय पर क्रियान्विति सुनिश्चित करें प्रशासन : दिया कुमारी