अलवर के रामगढ़ से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का निधन

अलवर। राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक जुबेर खान का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह करीब 61 वर्ष के थे। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे और उन्होंने ढाई पेडी स्थित अपने फार्म हाउस पर सुबह 5.50 बजे अंतिम सांस ली।

उनकी पत्नी साफिया जुबेर विधायक रह चुकी हैं और उनके दो पुत्र हैं। खान वर्ष ​​​​​​1990 में पहली बार रामगढ़ से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। वह 1993, 2003 एवं 2023 में फिर विधायक बने। उनकी पत्नी साफिया जुबेर भी वर्ष 2018 में विधायक चुनी गई थी। खान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है और कहा कि श्री खान के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी खान के निधन पर दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि खान का इंतकाल हम सभी के लिए गहरा दुख देने वाला है। उन्होंने कहा कि जुबेर खान अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे एवं आखिरी समय तक जनसेवा में लगे रहे। उनका जाना एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करते हैं।

बागडे ने जुबेर खान के निधन पर जताया दुख

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने रामगढ़ विधायक जुबेर खान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बागडे ने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति एवं उनके परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।