दौसा के बांदीकुई में ढाई साल की बच्ची बोरवेल में गिरी, बचाव अभियान जारी

भरतपुर। राजस्थान के दौसा में बांदीकुई के जोधपुरिया में बुधवार को ढाई साल की बच्ची नीरू बोरवेल के पास गड्‌ढे में गिर गई। शाम करीब 5 बजे हुई इस घटना में बच्ची गड्‌ढे में करीब 35 फीट नीचे फंसी हुई है। प्रशासन बच्ची को निकालने की कोशिश में जुट गया है। तीन जेसीबी से गड्‌ढे के पास में खुदाई करवाई जा रही है। हालांकि बारिश के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है। दौसा से आई एसडीआरएफ टीम भी इसमें जुटी हुई है।

अजमेर से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। पाइप के जरिए बच्ची को ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। गड्‌ढे में कैमरा भी उतारा गया है, जिसमें बच्ची मूवमेंट करती नजर आ रही है वह गड्‌ढे में सीधी फंसी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरू के पिता राहुल गुर्जर का घर के पास ही खेत है। खेत में बाजरे की फसल लगी हुई है। खेत के एक कोने में करीब 600 फीट गहरा बोरवेल है। बोरवेल के पास बारिश से गहरा गड्ढा हो गया। शाम 5 बजे तीन-चार बच्चे बोरवेल के पास खेल रहे थे। इसी दौरान नीरू गड्‌ढे में गिर गई।

बच्ची के बोरवेल के पास बने गड्ढे में गिरने के बाद हल्की बारिश के बीच तीन घंटे से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। दौसा कलेक्टर देवेन्द्र कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हैं।

रात 7.45 बजे तक करीब 20 फीट गहराई तक खुदाई हो गई है। बच्ची की मां कविता गुर्जर ने बताया कि नीरू बच्चों के साथ खेल रही थी। पता नहीं चला कि कब वह गड्ढे में गिर गई। नीरू को कभी घर से बाहर नहीं छोड़ा। आज गलती से निकल गई। नीरू तीन बहनों में सबसे छोटी है। उसकी दो बड़ी बहन खुशी और राशि हैं। बच्ची के पिता राहुल गुर्जर प्राइवेट नौकरी करते हैं।