पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अंत्योदय के विचारों से जन जन को जोड़ा : बागडे

जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बुधवार को यहां उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

बागडे ने जयपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के धानक्या स्थित राष्ट्रीय स्मारक स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। बाद में उन्होंने वहां पर पंडितजी के जीवन से जुड़ी स्मृतियों के संग्रहालय का भी अवलोकन किया और कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन आदर्श का आलोक था।

उन्होंने कहा कि एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने युगीन संदर्भों में भारतीय सनातन संस्कृति को आधुनिक दृष्टि दी। उन्होंने पंडित दीनदयाल के साथ की यादें भी साझा की और कहा कि उनका सान्निध्य किसी महा मानव के समीप रहने की अनुभूति है।

राज्यपाल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद की मौलिक विचार दृष्टि ही हमें नहीं दी बल्कि उन्होंने अंत्योदय के विचारों और शिक्षाओं से आमजन के कल्याण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मुंबई में पंडितजी के सानिध्य को याद करते हुए कहा कि पंडित दीनदयालजी की कथनी और करनी एक थी। वह विराट मानवीय दृष्टि के युगपुरुष थे।

इस अवसर पर राजस्थान धरोहर बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।