चुनाव नजदीक आने के साथ भाजपा का समर्थन बढ़ता जा रहा : मोदी

सोनीपत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गोहाना में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे-जैसे पांच अक्टूबर नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्थन बढ़ता जा रहा है।

मोदी ने कहा कि आज पूरा हरियाणा फिर एक बार भाजपा सरकार की बात कह रहा है। हरियाणा खेती और उद्योग में देश के टॉप राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। जब औद्योगिकरण बढ़ता है तो इसका सबसे अधिक फायदा गरीब, किसान और दलित को होता है।

बाबा साहेब आंबेडकर मानते थे कि दलितों के सशक्तीकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। गरीबों, दलितों, वंचितों के पास पर्याप्त जमीन नहीं होती। बाबा साहेब कहते थे कि जब फैक्ट्रियां लगती है तो गरीबों, वंचितों को अवसर मिलता है। भाजपा की नीतियों, निर्णयों और विचारों में बाबा साहब की यही सोच दिखाई देगी। देश में आबादी बढ़ रही है और खेत छोटे हो रहे हैं।

अर्थशास्त्री मानते हैं कि गांव में खेती के साथ-साथ कमाई के दूसरे रास्ते भी होने चाहिए। केवल खेती से गुजारा नहीं होता। इसलिए जब उद्योगों का विस्तार होता है तो किसानों का जीवन भी बेहतर होता है। इसलिए भाजपा खेती को तो बढ़ावा देती ही है इसके साथ ही व्यापार व कारोबार को भी बढ़ावा देती है। पिछले 10 साल में पूरी दुनिया का भारत पर भरोसा बढ़ा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक बात का विश्वास हुआ है कि अब भारत भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त होकर तरक्की कर रहा है। दुनिया को लगता है कि आने वाले समय में कोई देश तेजी से आगे बढ़ेगा तो वह देश भारत होगा। दुनिया की बड़ी कंपनियां भारत में निवेश करने के लिए आतुर हैं और जब यह निवेश होगा तो इसका सबसे बड़ा फायदा हरियाणा को होगा। आज हरियाणा गुरुग्राम, फरीदाबाद से लेकर सोनीपत, पानीपत तक दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों का सेंटर बन रहा है।

प्रदेश में मारूति का कारखाना लगना तय है और आने वाले समय में कई बड़े-बड़े कारखाने लगने वाले हैं। अब मोबाइल फोन से लेकर लड़ाकू विमान तक भारत में बन रहे हैं। मेक इन इंडिया से भारत में बनी चीजें आज भारत उन देशों को भी हम बेच रहे हैं जहां से पहले हम मंगाया करते थे। भारत में बनी सुजुकी गाडिय़ां अब यहां जापान वाले भारत से मंगवाकर खरीदते हैं। यह कमाल हरियाणा की धरती से होता है।

मोदी ने कहा कि हरियाणा में उद्योगों व नौकरियों को बढ़ावा देने वाली भाजपा सरकार जरूरी है। जहां-जहां कांग्रेस को मौका मिला और जहां-जहां कांग्रेस ने पैर रखा वहां पर भ्रष्टाचार और भाई भतीजावाद हुआ। भारत के सरकारी सिस्टम में भ्रष्टाचार पैदा करने वाली, हमारे देश में भ्रष्टाचार की जन्म देने वाली कांग्रेस पार्टी है।

आज से 10 साल पहले देश और हरियाणा का हाल जनता देख चुकी है। कांग्रेस ने हरियाणा को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया था। दलालों और दामादों से बचना है तो कमल ही बचाएगा। किस-किस कांग्रेस नेता पर आरोप लगे हैं जनता जानती है। हरियाणा में 10 साल पहले एक भी नौकरी ऐसी नहीं थी, जिसमें खर्ची और पर्ची न चलती हो।