बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के पैर में लगी गोली

मुंबई। पूर्व सांसद एवं बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा मंगलवार सुबह पैर में गोली लगाने से घायल हो गए और उन्हें यहां क्रिटिकेयर अस्पताल ले जाया गया। अभिनेता उपचार के बाद घर वापस आ गए हैं। उनकी हालत स्थिर है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार गोविंदा सुबह पांच बजे कहीं जाने की तैयारी कर रहे थे, वह जब अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर को साफ कर रहे थे, तभी दुर्घटनावश गोली चल गई जो उनके घुटने में लगी। घटना के समय वह अपने जुहू स्थित घर पर अकेले थे। गोविंदा ने पास में ही रह रहे अपने रिश्तेदारों को कॉल किया और उन्होंने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, उन्हें अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया।

गौरतलब है कि अभिनेता एवं पूर्व सांसद गोविंदा (60) अब मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने बताया कि अभिनेता कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी रिवॉल्वर उनके हाथ से गिर गई और हड़बड़ी में गलती से गोली चल गई। घटना के समय उनकी पत्नी सुनीता आहूजा कोलकाता में थीं।

इस घटना का जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस के मुताबिक उन्होंने गोविंदा की बंदूक को अपने कब्जे में ले ली है। हालांकि, अब तक इस घटना को लेकर उनके परिवार की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस ने बताया कि उन्होंने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।