अजमेर में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ दिया धरना-प्रदर्शन

अजमेर। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार के खिलाफ जनसमस्याओं को लेकर आज धरना-प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन सौंपा गया।

शहर के महात्मा ज्योतिबा फूले सर्किल पर सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुये और राज्य की भजनलाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुये कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां पुलिस ने पहले ही अवरोध लगा रखे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परिसर में प्रवेश नहीं करने देने पर पुलिस से झड़प भी हुई।

कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की। बाद में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में जिला कलेक्टर लोकबंधु को राज्य की भाजपा सरकार के कुप्रबंधन तथा जन उपेक्षा के खिलाफ राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के बाद अध्यक्ष विजय जैन ने आरोप लगाया कि 10 माह पुरानी सरकार सभी मोर्चा पर विफल रही है। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई, अत्याचार चरम पर और कानून- व्यवस्था बदहाल है। जैन ने अतिवृष्टि के बाद शहर के बदहाल हालात के लिए भी सरकार की लचर व्यवस्था को दोषी ठहराया।

प्रदर्शन करने वालों में पूर्व विधायक डाॅ श्रीगोपाल बाहेती एवं डाॅ राजकुमार जयपाल, महेंद्र सिंह रलावता, डेयरी सदर रामचंद्र चौधरी, विपिन बैंसिल, मनीष सेन सहित अनेक पार्षद, महिला और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।