जयपुर में गांधी जयंती पर शुरू हुई गांधी वाटिका

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को सेन्ट्रल पार्क स्थित गांधी वाटिका (गांधी दर्शन म्यूजियम) को आमजन के लिए खोल दिया गया।

पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग के शासन सचिव रवि जैन ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इसके पहले दिन एक हजार से अधिक की संख्या में कालेज एवं स्कूल के विद्यार्थियों एवं आमजन ने गांधी वाटिका को देखा तथा गांधीजी के जीवन यात्रा को जाना। जैन ने बताया कि गांधी वाटिका में महात्मा गांधी के बचपन, उनकी जीवन यात्रा एवं दक्षिण अफ्रीका यात्रा, सत्याग्रह, भारत छोड़ो आन्दोलन, चौरी-चोरा आन्दोलन आदि को दर्शाया गया है।

उन्होंने बताया कि गांधी वाटिका में एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगी। उन्होंने बताया कि गांधी दर्शन म्यूजियम को देखकर यहां आने वाले विद्यार्थी और आगन्तुक पर्यटक गांधीजी के जीवन दर्शन से प्रेरित होंगे। उन्होंने बताया कि गांधी वाटिका सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक पर्यटकों के लिए प्रतिदिन खुली रहेगी। म्यूजियम इस महीने अक्टूबर में नि:शुल्क रहेगा।

उल्लेखनीय है कि गत कांग्रेस सरकार ने गांधी वाटिका का निर्माण कराया और गत वर्ष सितंबर में इसका लोकार्पण किया गया था। इसके संचालन के लिए गांधी वाटिका ट्रस्ट बनाया गया लेकिन बाद में सरकार बदल गई और भाजपा सरकार ने इस ट्रस्ट को ही समाप्त कर दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गांधी वाटिका को आमजन के लिए शुरू करने के लिए गत 28 सितंबर से सेंट्रल पार्क में धरने की चेतावनी दी थी लेकिन इससे पहले ही राज्य सरकार ने गांधी वाटिका को गांधी जयंती दो अक्टूबर से आमजन के लिए खोल दिए जाने की घोषणा कर दी थी।