हरियाणा विधानसभा चुनाव : पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कांग्रेस में वापसी की

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव से दो दिन पूर्व भारतीय जनता पार्टी को एक बड़े झटके के रूप में पूर्व सांसद अशोक तंवर ने काँग्रेस में वापसी की।

तंवर महेंद्रगढ़ में राहुल गांधी की रैली में कांग्रेस में शामिल हुए। सिरसा सांसद और कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष रह चुके तंवर ने पांच साल पहले कांग्रेस छोड़ी थी। पहले उन्होंने अपनी पार्टी बनाने की घोषणा की। बाद में वह तृणमूल काँग्रेस और आम आदमी पार्टी में भी रहे।

तंवर इसी साल जनवरी में भाजपा में शामिल हुए थे और सिरसा से कुमारी सैलजा के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़े और हारे थे। भाजपा ने उन्हें विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समिति में शामिल किया था।

कांग्रेस ने ट्वीट किया कि कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज़ उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है और इसी संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में भाजपा की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए। इनके आने से दलितों के हक़ की कांग्रेस की लड़ाई को और मज़बूती मिलेगी। कांग्रेस में आपका पुनः: स्वागत और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

तंवर प्रवासी पक्षी, डाल-डाल पर झूलना उनकी आदत: विज

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिल विज ने गुरुवार को कहा कि अशोक तंवर प्रवासी पक्षी हैं और डाल-डाल पर जाना उनका चरित्र है, ऐसे लोग किसी के भी नहीं होते हैं। वर आज ही भाजपा छोड़ फिर कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कभी सांसद एवं हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष रहे तंवर कांग्रेस छोड़ने के बाद पिछले पांच साल में अपनी पार्टी बना चुके हैं, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी में रह चुके हैं। इसी साल जनवरी में वह भाजपा में शामिल हुए थे। विज ने कहा कि ऐसे लोग (डॉ. तंवर) किसी के नहीं होते और इनके कहीं आने-जाने से रत्ती भर फर्क नहीं पड़ता।