दस गुना रफ्तार से भाजपा सदस्य बनाए जाने चाहिए : ऋतुराज सिन्हा

अजमेर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा है कि अगले 10 दिनों में 10 गुना रफ्तार से संगठन के सदस्य बनाए जाने चाहिए।

राजस्थान में अजमेर भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित शहर एवं देहात सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में सिन्हा ने कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान का प्रथम चरण दो सितम्बर से 25 सितंबर तक हुआ जिसमें घर घर संपर्क के माध्यम से सदस्य बनाने का कार्य किया गया।

इसके तहत प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया जिसे प्राप्त करने मे सफलता प्राप्त की गई। साथ ही यह दूसरा चरण 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें क्षेत्र के प्रबुद्ध वर्ग को जोड़ने का कार्य किया जाएगा जिसके माध्यम से भाजपा सदस्यता की गति बढ़ाने को लेकर समीक्षा की गई।

सिन्हा ने अजमेर शहर और देहात के कार्यकर्ताओं को प्रथम चरण की सफलता के लिए बधाई दी और आगामी दूसरे चरण में किस प्रकार सदस्यता अभियान को गति देनी है इसको लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

दूसरे चरण के सदस्यता अभियान में संस्थागत सदस्यता के माध्यम से कोचिंग, छात्रावास, जिम, पार्क आदि में जाकर सदस्यता को दुगुनी गति से बढ़ाने का कार्य किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हम अब तक देश भर में सात करोड़ से अधिक सदस्य बना चुके हैं।

सिन्हा ने बताया कि अब तक शहर जिला अजमेर द्वारा एक लाख चार हजार से अधिक सदस्य और देहात जिला द्वारा 78 हजार से अधिक सदस्य बनाए जा चुके हैं।

बैठक में दक्षिण विधायक एवं प्रदेश सह संयोजक सदस्यता अभियान अनीता भदेल, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, देहात जिला अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा, जिला संगठन प्रभारी अजमेर शहर बीरमदेव सिंह, जिला संगठन प्रभारी देहात राकेश पाठक, मसूदा विधायक वीरेंद्र कानावत, सदस्यता अभियान के शहर संयोजक योगेश शर्मा सदस्यता अभियान देहात की संयोजक महेंद्र सिंह मंझेवला आदि उपस्थित रहे।