राजस्थान में BJP ने हरियाणा में पार्टी की जीत पर मनाया जश्न, CM ने बनाई जलेबी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को लेकर मंगलवार को यहां आतिशबाजी की और मिठाई बांटकर जश्न मनाया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जलेबी भी बनाई।

हरियाणा में चुनाव परिणाम पर शर्मा ने कहा कि यह हरियाणा की जनता की जीत हैं और वहां के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कामों की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लूट और झूठ का सहारा लिया लेकिन हरियाणा की जनता ने उसे सबक सिखा दिया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों ने भ्रम फैलाया था लेकिन मोदी के मजबूत नेतृत्व पर हरियाणा की जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान में आगामी उपचुनावों में भी भाजपा की जीत होगी।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने हरियाणा चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि भाजपा के नेताओं को पहले से ही लग रहा था कि बहुत अच्छे परिणाम आयेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं और राजस्थान से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई नेता प्रचार में जुटे थे और उनकी मेहनत रंग लाई तथा जनता ने फिर से विश्वास किया हैं और भाजपा की तीसरी बार हरियाणा में सरकार बन रही हैं। उन्होंने भाजपा की जीत पर सभी को शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने भ्रम पैदा करने की कोशिश की थी लेकिन हमेशा भ्रम नहीं चलता और इसे जनता ने नकार दिया और अब वह समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से पहले ही भ्रम फैलाने की कोशिश की भाजपा आई तो देश में आरक्षण एवं संविधान समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा की डबल इंजन की सरकार बन गई लेकिन हमने ऐसा कुछ नहीं किया। इसी तरह अन्य नेताओं ने भी मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास एवं सबका साथ का इसे परिणाम बताया।

जाति के आधार पर बांटने वालों को जनता का करारा जवाब : घनश्याम तिवाड़ी

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने हरियाणा प्रदेश के विधानसभा चुनावों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे विपक्षियों का भ्रम तोड़ने वाल परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में एतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत से विपक्षियों के सभी भ्रम टूटे हैं।

तिवाड़ी ने कहा कि जिन लोगों ने हरियाणा को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश की, अग्निवीर, किसानों को बहकाने की कोशिश की, यह जीत उनके लिए करारा जवाब है। हरियाणा में 52 वर्षों में यह पहली बार है कि कोई पार्टी लगातार तीसरी बार अपनी सरकार बनाने जा रही है, मोदी है तो मुमकिन है।

साथ ही घनश्याम तिवाड़ी ने कहां कि हरियाणा की जनता ने साबित कर दिया है, उन्हें हमारे प्रधानसेवक नरेंद्र मोदी जी पर पूर्ण विश्वास है। ये जीत महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली और बिहार में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए महत्त्वपूर्ण है। तिवाड़ी ने इस जीत को लेकर हरियाणा की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की।

कांग्रेस की लूट, झूठ और अफवाहों की राजनीति को हरियाणा की जनता ने नकारा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब देते हुए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के विजन पर फिर से विश्वास जताया है। शर्मा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव परिणाम पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि वहां के जागरुक मतदाता ने विकसित भारत, विकसित हरियाणा के लिए वोट देकर बड़े जनादेश के साथ भारतीय जनता पार्टी को जिताया है। इसके लिए वहां की जनता बधाई की पात्र है।

उन्होंने कहा कि मोदी जो कहते हैं, वो करते हैं और जो करते हैं, वही कहते हैं। इसलिए पूरे देश की जनता में उनके प्रति अटूट विश्वास है।जबकि कांग्रेस लूट, झूठ और अफवाहों का सहारा लेकर राजनीति करती है। आज हरियाणा की जनता ने कांग्रेस की इस राजनीति को नकार कर करारा जवाब दिया है।

उन्होंने कहा कि जब मैं हरियाणा में चुनाव प्रचार के लिए गया था तो वहां की जनता के भारी उत्साह को देखकर मैंने साफ कहा था कि हरियाणा में भाजपा की जीत की हैट्रिक बनेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में होने जा रहे चुनावों में भी भाजपा जीत हासिल करेगी। यहां तक कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में भी मोदी के नेतृत्व में भाजपा चौथी बार भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी।

उन्होंने मोदी और भाजपा केन्द्रीय नेतृत्व को इस ऐतिहासिक जीत का श्रेय देते हुए नायब सिंह सैनी और हरियाणा भाजपा की पूरी टीम को इस जीत के लिए बधाई दी। उन्होंने हरियाणा चुनाव प्रभारी डा सतीश पूनिया, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ और राजस्थान के कार्यकर्ताओं को भी हरियाणा चुनाव में की गई अथक मेहनत के लिए धन्यवाद दिया।

हरियाणा में भाजपा की प्रचंड जीत मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में अटूट विश्वास की जीत : सतीश पूनियां

हरियाणा चुनाव परिणाम : जलेबी को लेकर भाजपा ने ली कांग्रेस की चुटकी

हरियाणा विधानसभा चुनावी महाभारत में भाजपा की हैट्रिक