मुंबई के बांद्रा में किशोरी को नशीला पेय पिलाकर कार में गैंगरेप

मुंबई। मुंबई के पॉश बांद्रा इलाके में एक किशोरी के साथ नशीला पेय पिलाकर कार में सामूहिक दुष्कर्म करने वाले आरोपियों में से एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

निर्मल नगर पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि यौन अपराध बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद एक आरोपी (31) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा अभी भी फरार है।

उन्होंने बताया कि आरोपी पीड़िता को जानते थे और घटना के दिन उन्होंने उसे अपने चाचा के घर छोड़ने का वादा करते हुए अपनी कार में लिफ्ट दी।

यात्रा के दौरान, आरोपियों ने उसे नशीला पेय पिलाया और बेहोश होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद, दोनों आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि वह घटना के बारे में किसी को न बताए, अगर उसने बताया, तो वे उसे मार देंगे।