पूर्व सांसद ज्ञानप्रकाश पिलानिया का निधन

जयपुर। पूर्व सांसद एवं राजस्थान के पूर्व पुलिस महानिदेशक डा ज्ञान प्रकाश पिलानिया का रविवार रात यहां निधन हो गया। वह करीब 92 वर्ष के थे। वह पिछले कई दिनों से बीमार थे और उन्होंने रविवार रात लगभग आठ बजे जयपुर के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को उनका अंतिम संस्कार जयपुर में किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1955 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे डा पिलानियां राजस्थान में पुलिस महानिदेशक के पद पर भी रहे। बाद में राजनीति में आ गये और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में वह वर्ष 2004 एवं 2014 में दो बार राज्यसभा सांसद रहे।

उनके निधन पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। डोटासरा ने कहा कि डा पिलानिया के निधन का दु:खद समाचार मिला है। उन्होंने पिलानिया परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि जन सेवा एवं समाज उत्थान में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। डोटासरा ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।