पुष्कर के पवित्र सरोवर में कार्तिक स्नान गुरुवार से शुरु होंगे

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के तीर्थराज पुष्कर के पवित्र सरोवर में 17 अक्टूबर से कार्तिक स्नान शुरू होंगे जो एक महीने चलेंगे और कार्तिक पूर्णिमा को संपन्न होंगे। इस दौरान लाखों श्रद्धालु कार्तिक महीने का पवित्र स्नान करेंगे।

सूत्रों के अनुसार बुधवार को शरद पूर्णिमा से शुरू हुई पूर्णिमा गुरुवार सूर्योदय तक रहेगी। इसलिए कार्तिक महीने के स्नान कल सुबह से ही शुरू होंगे। श्रद्धालु अपनी सुविधा से पुष्कर में कार्तिक स्नान का धर्म लाभ ले सकेंगे।

कार्तिक स्नान का शास्त्र सम्मत महत्व है। कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर सरोवर में ब्रह्माण्ड के सभी 33 तरह के देवी-देवताओं का वास रहता है। पुष्कर मेले के दौरान एकादशी से पूर्णिमा तक पुष्कर सरोवर का स्नान धार्मिक दृष्टि से अति महत्व वाला है। यही कारण की मेले के दौरान पंचतीर्थ स्नान का विशेष महत्व है।

स्नान के साथ साथ विशेष पूजा अर्चना, ब्रह्माजी के दर्शन, दानपुण्य और रात्रि में सरोवर आरती जैसे धार्मिक कामों में लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं और परिवार में सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।

इस बार एक तिथि क्षय होने से कार्तिक महीने का पंचतीर्थ स्नान इस बार चार दिनों का ही रहेगा। हालांकि सरोवर के दैनिन्दनी स्नान से श्रद्धालुओं पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ेगा।