धौलपुर में बस और टैम्पो की टक्कर, 8 बच्चों सहित 12 लोगों की मौत

धौलपुर। राजस्थान में भरतपुर संभाग में धौलपुर जिले के बाड़ी क्षेत्र में शनिवार देर रात बस और टैम्पो के टकराने से 8 बच्चों सहित 12 लोगों की मौत हो गई और हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल भी बताएं जा रहे हैं, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा इतना भयानक था कि घटना स्थल पर शव ही शव बिखर गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को बाड़ी राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बरौली गांव में भात कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे बाड़ी शहर के गुमट मोहल्ला के रहने वाले इन लोगों का टेम्पों राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 11बी पर सुनीपुर गांव के नजदीक एक बस की चपेट में आ गया।

हादसे में कैंपों में सवार 12 लोगो की मौत हो गई। हादसे में 13 वर्षीय आसमा पुत्री बंटी, 35 वर्षीय बंटी पुत्र गफफो, 7 वर्षीय सलमान पुत्र बंटी, 5 वर्षीय साकिर पुत्र बंटी, 9 वर्षीय दानिश पुत्र जहीर, 5 वर्षीय असीम का पुत्र, 30 वर्षीय जरीना पत्नी नहनू, 10 वर्षीय आशियाना पुत्री नहनू, 8 वर्षीय सुखी पुत्री नहनू, 9 बर्षीय सानिज पुत्र नहनू की घटना स्थल पर मौत हुई है। वहीं, जिला अस्पताल रेफर किए गए घायलों में 34 वर्षीय महिला जुली ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक अन्य भी शामिल है। पुलिस ने शवों को बाड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस के अनुसार बाड़ी शहर के करीम गुमट में रहने वाले नहून और जहीर परिवार के करीब 14 लोग बरौली गांव में एक रिश्तेदार के यहां भात समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात करीब 11:30 बजे यह सभी लोग टेंपो से वापस लौट रहे थे, इस दौरान नेशनल हाईवे-11 बी पर सुन्नीपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने टेंपो को टक्कर मार दी।

यह बस धौलपुर से जयपुर जा रही थी। तेज रफ्तार बस की टक्कर से टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को बाड़ी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्क्ट ने जांच के बाद 12 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो प्राथमिकी उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है और उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि राजस्थान के धौलपुर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें मासूम बच्चों सहित जान गंवाने वालों के शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की निगरानी में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

इसी तरह राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा के प्रभारी डा सतीश पूनियां, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की।