अजमेर में भी तिरंगे के पास फहरेगा संयुक्त राष्ट्र संघ का ध्वज

अजमेर। विशिष्ट सरकारी भवनों पर सामान्यत तिरंगा फहराने के स्थान के पास ही एक अतिरिक्त ध्वज दंड लगा होता है। वर्षभर में एक दिन के अलावा यह ध्वजदंड सूना ही रहता है। लेकिन 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र दिवस पर तिरंगे झंडे के पास ही संयुक्त राष्ट्र का झंडा भी फहराया जाता है।

अजमेर के अतिरिक्त कलक्टर गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि गुरूवार 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके अन्तर्गत नियमित रूप से तिरंगा फहराए जाने वाले भवनों पर संयुक्त राष्ट्र ध्वज को भारतीय राष्ट्र ध्वज के साथ फहराया जाएगा।

देश की सभी महत्वपूर्ण इमारतों पर फहरेंगे दो ध्वज

संयुक्त राष्ट्र संघ दिवस पर देश की सभी महत्वपूर्ण इमारतों के ऊपर तिरंगे के साथ संयुक्त राष्ट्र का ध्वज भी फहराया जाता है। हालांकि राज भवनों/राज निवास (राष्ट्रपति भवन), संसद भवन, विधान सभाओं और विधान परिषदों, सुप्रीम कोर्ट व उच्च न्यायालयों की इमारतों को इससे अलग रखा गया है।

गृह मंत्रालय के नोटिफिकेशन के मुताबिक सभी केंद्रीय विभाग तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासन को दिए निर्देश में गृह मंत्रालय ने कहा है कि हर साल 24 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र का ध्वज उन सभी भवनों पर तिरंगे के साथ फहराया जाएगा, जिन इमारतों पर नियमित रूप से तिरंगा फहराया जाता है।

गृह मंत्रालय के अनुसार संयुक्त राष्ट्र की वर्षगांठ मनाने के सम्मान के रूप में सरकारी भवनों पर उसका झंडा लगाया जा रहा है। सरकारी भवनों पर संयुक्त राष्ट्र का ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज के दाहिने या बाईं ओर फहराया जाएगा।